डेस्क: दिवाली के मौके पर सोना खरीदना भारतीय परिवारों के लिए परंपरा के साथ-साथ निवेश का भी महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है। इस साल सोने की कीमतें पहले ही रिकॉर्ड ऊंचाई के आसपास पहुंच चुकी हैं लेकिन बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले समय में इसकी कीमतों में और तेजी आ सकती है। अनुमान है कि अगले एक साल में सोना 20 से 40 प्रतिशत तक महंगा हो सकता है। अगर ऐसा हुआ तो दिवाली 2027 तक 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1.75 लाख रुपए तक पहुंच सकता है।
इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के सचिव सुरेंद्र मेहता के अनुसार, लंबी अवधि में सोने की कीमतों में 30 से 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी संभव है। हालांकि, उन्होंने माना कि कम समय में सोने की कीमतों का सटीक अनुमान लगाना मुश्किल है।
वहीं, ऑगमॉन्ट की चीफ रिसर्च ऑफिसर रेनिशा चेनानी का अनुमान है कि दिवाली 2027 तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमत 10 ग्राम के लिए 1.75 लाख रुपए तक पहुंच सकती है। उनके मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 4,950 डॉलर प्रति औंस के आसपास रह सकता है।
सोने की कीमतों में तेजी के तीन बड़े कारण
सोने की बढ़ती कीमतों के पीछे सबसे बड़ा कारण दुनिया के केंद्रीय बैंकों की लगातार खरीदारी है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, तीसरी तिमाही में केंद्रीय बैंकों ने 321 टन सोना खरीदा, जो पिछले साल की समान अवधि से 42 प्रतिशत अधिक है।
दूसरा कारण गोल्ड एक्सचेंज ट्रेडेड फंड (ETF) में बढ़ता निवेश है। गोल्ड ETF की कुल होल्डिंग बढ़कर रिकॉर्ड 4,256 टन तक पहुंच गई है। इससे बाजार में सोने की मांग मजबूत बनी हुई है।
तीसरा कारण अमेरिका में ब्याज दरों में संभावित कटौती है। अगर महंगाई में कमी आती है और अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरें घटाता है, तो डॉलर और बॉन्ड से मिलने वाला रिटर्न प्रभावित हो सकता है। ऐसे में निवेशकों का रुझान सोने की ओर बढ़ सकता है।
चांदी में भी तेजी की संभावना
सोने के साथ चांदी की कीमतों में भी बढ़ोतरी की उम्मीद है। बाजार में चांदी की मांग उसकी सप्लाई से अधिक बनी हुई है। अनुमान है कि चांदी का बाजार लगातार छठे साल आपूर्ति की कमी का सामना कर सकता है।
10 साल में 4.77 गुना बढ़ी सोने की कीमत
पिछले एक दशक में सोने ने निवेशकों को शानदार रिटर्न दिया है। 2016 में दिल्ली में दिवाली के आसपास 10 ग्राम सोने की कीमत करीब 30,590 रुपए थी, जो 5 नवंबर 2026 तक बढ़कर 1,45,915 रुपए हो गई। इस तरह कीमत लगभग 4.77 गुना बढ़ी। 2016 में लगाया गया एक लाख रुपए का निवेश इस हिसाब से करीब 4.77 लाख रुपए का हो गया होता।


