पटनाा : पटना से सटे खुसरूपुर प्रखंड के बैकठपुर स्थित श्रीगौरीशंकर बैकुंठनाथ मंदिर में एक नाबालिग के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है।
मंदिर में पूजा-पाठ करने आई नाबालिग को अकेला पाकर मंदिर न्यास समिति के मुख्य कर्मचारी उपेन्द्र पंडा उर्फ बोतल पंडा ने छेड़खानी की। उसके साथ दुष्कर्म करने की भी कोशिश की। इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
मंदिर में लगे सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
इधर मंदिर की पवित्रता और गरिमा को तार-तार कर देने वाली घटना सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित कर्मचारी को गिरफ्तार कर लिया और उसे थाने ले आई। यह पूरी घिनौनी घटना मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने कैमरे के हार्ड डिस्क को कब्जे में ले लिया है और उसके फुटेज को खंगाला जा रहा है। बताया जाता है कि नाबालिग मंदिर में पूजा-पाठ करने आई थी, जहां मंदिर परिसर में नाबालिग को अकेला पाकर कर्मचारी उपेन्द्र पंडा ने उसे पकड़ लिया और छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म का प्रयास करने लगा।
बच्ची ने जब इसका विरोध किया तो उसे धमकाया गया। विरोध करने के बाद भी आरोपित नहीं माना तो नाबालिग किसी तरह खुद को बचाकर रोते-बिलखते हुए वहां से भाग निकली। लड़की ने इसके बाद मंदिर के कार्यालय में बैठे लोगों को घटना की पूरी जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित और पीड़िता दोनों को थाने ले आई।
इलाके में चर्चा का विषय
थानाध्यक्ष संजीव कुमार सिंह ने बताया कि मामले को लेकर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। नाबालिग का मेडिकल जांच करवा कर गुरुवार को न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज करवाया जाएगा। यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ। लोगों ने कहा आरोपित को कड़ी सजा मिले। हालांकि पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है। मंदिर के कार्यालय में उपस्थित लोगों से पूछताछ की जा रही है। ताकि हर पहलू से जांच की जाए।

