नई दिल्ली

कहीं रेंगती गाड़ियां तो कहीं लंबी कतारें… धनतेरस पर जाम से जूझता रहा दिल्ली-NCR

डेस्क: धनतेरस और दिवाली के त्योहार के बीच देश की राजधानी दिल्ली और पूरे एनसीआर क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बुरी तरह चरमरा गई है। शुक्रवार को धनतेरस पर खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़ और त्योहार पर घर लौटने वाले लोगों के कारण दिल्ली-NCR की प्रमुख सड़कों पर वाहनों का भारी दबाव देखने को मिला। सड़कों पर कार, बाइक, टैक्सी और बसें रेंगती नजर आईं, जिससे आम लोगों, नौकरीपेशा वर्ग और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कनॉट प्लेस, खान मार्केट और निजामुद्दीन में वाहनों का भारी दबाव
दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में शुक्रवार को सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं और गाड़ियां रेंगते हुए आगे बढ़ती दिखीं। इसके अलावा कनॉट प्लेस और खान मार्केट जैसे व्यस्त व्यावसायिक इलाकों में भी ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी रही। स्थिति यह रही कि महज 5 किलोमीटर की दूरी तय करने में भी चालकों को करीब आधे घंटे तक का समय लग गया।
नोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी थमी गाड़ियों की रफ्तार
जाम की यह समस्या केवल दिल्ली तक सीमित नहीं रही, बल्कि दिल्ली-एनसीआर के शहरोंनोएडा, गुरुग्राम और गाजियाबाद में भी लोगों को भारी जाम का सामना करना पड़ा। गाजियाबाद के बाजारों में शुक्रवार सुबह से ही बर्तनों और सोने-चांदी के आभूषणों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ती रही, जिसके चलते वहां भी ट्रैफिक पर दबाव बढ़ गया। इसके अलावा दिवाली के मौके पर लोगों के घर लौटने के कारण भी सड़कों पर वाहनों की संख्या में भारी इजाफा हुआ।
यात्रियों को सलाह: 1 से 1.5 घंटे का अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें
सड़कों पर ट्रैफिक की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों को अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाने की सलाह दी गई है। दिल्ली के कई इलाकों में जाम के कारण सामान्य यात्रा समय से एक से डेढ़ घंटे तक अतिरिक्त समय लग सकता है। ऐसे में किसी जरूरी काम से घर से निकलने वाले लोगों को पर्याप्त समय लेकर चलने का सुझाव दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *