राष्ट्रीय

असम में घुसपैठ के खिलाफ बड़ा एक्शन, अवैध रूप से रह रहे 28 बांग्लादेशी नागरिकों को वापस भेजा

डेस्क: पुलिस ने असम के श्रीभूमि जिले में राज्य में कथित तौर पर अवैध रूप से रह रहे 28 बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़कर वापस भेज दिया है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को यह जानकारी दी।

शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि राज्य सरकार घुसपैठ के खिलाफ अपना अभियान जारी रखेगी और असम की सुरक्षा एवं पहचान से कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने कहा, ”घुसपैठ को लेकर असम के सब्र का बांध टूट चुका है। श्रीभूमि पुलिस ने 28 अवैध प्रवासियों की पहचान कर उन्हें वापस भेज दिया है।” मुख्यमंत्री ने कहा, ”हम पूरी दृढ़ता के साथ यह अभियान जारी रखेंगे।
सीमाओं की सुरक्षा और असम की सुरक्षा एवं पहचान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।” असम के श्रीभूमि में एक एकीकृत जांच चौकी और मनकाचर में एक भूमि सीमा शुल्क केंद्र है। शर्मा ने इससे पहले कहा था कि राज्य सरकार असम को घुसपैठ मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
बांग्लादेश में 2024 में हुई अशांति के बाद से सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पूर्वोत्तर में भारत-बांग्लादेश की 1,885 किलोमीटर लंबी सीमा पर निगरानी बढ़ा दी है। असम पुलिस भी अवैध घुसपैठ रोकने के लिए अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पूरी तरह सतर्क है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *