राष्ट्रीय

बांकीपुर उपचुनाव में शुरुआती रुझानों में प्रशांत किशोर आगे, बीजेपी के नीरज कुमार दूसरे स्थान पर

डेस्क: बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा सीट (Bankipur Assembly constituency) पर हुए उपचुनाव की मतगणना शुरू हो गई है। शुरुआती रुझानों में जन सुराज पार्टी के प्रमुख प्रशांत किशोर बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज कुमार दूसरे स्थान पर चल रहे हैं, जबकि राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की उम्मीदवार तीसरे नंबर पर हैं।

निर्वाचन आयोग के अनुसार, इस सीट पर कुल 31 राउंड में मतगणना होनी है। शुरुआती दो राउंड की गिनती पूरी होने तक प्रशांत किशोर को 3,795 वोट, जबकि भाजपा उम्मीदवार नीरज कुमार को 2,634 वोट मिले हैं। इस तरह प्रशांत किशोर करीब 1,161 मतों की बढ़त के साथ आगे चल रहे हैं।
बीजेपी के गढ़ में हाई-प्रोफाइल मुकाबला
पटना शहर की बांकीपुर विधानसभा सीट लंबे समय से भाजपा का मजबूत गढ़ मानी जाती है। लेकिन इस बार जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर के खुद चुनाव मैदान में उतरने से मुकाबला बेहद दिलचस्प हो गया। राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें खास तौर पर इस सीट के नतीजों पर टिकी हुई हैं।
30 जुलाई को हुए मतदान में इस शहरी सीट पर लगभग 35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पिछले विधानसभा चुनाव में यहां 41.35 प्रतिशत वोटिंग हुई थी, जिसमें भाजपा उम्मीदवार नितिन नवीन ने आरजेडी की रेखा गुप्ता को लगभग 52 हजार वोटों से हराया था।

क्यों हुआ उपचुनाव?
बांकीपुर सीट भाजपा नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्हें पार्टी की नई जिम्मेदारी मिलने और राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद इस सीट पर उपचुनाव कराना पड़ा।
इस बार भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद पार्टी ने अंतिम समय में नीरज कुमार को मैदान में उतारा। नीरज लंबे समय से भाजपा संगठन से जुड़े रहे हैं और दो बार मंडल अध्यक्ष भी रह चुके हैं।
प्रशांत किशोर के लिए अहम चुनाव
जन सुराज पार्टी ने पिछले विधानसभा चुनाव में अधिकांश सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी एक भी सीट नहीं जीत सकी थी। ऐसे में बांकीपुर उपचुनाव को पार्टी के लिए अपनी राजनीतिक ताकत साबित करने का महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।
उम्मीदवारी की घोषणा के समय प्रशांत किशोर ने कहा था कि यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट का नहीं, बल्कि बिहार में वैकल्पिक  राजनीति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

अन्य राज्यों के उपचुनावों के रुझान
इधर, मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा सीट पर शुरुआती रुझानों में भाजपा के आशुतोष तिवारी आगे चल रहे हैं। वहीं गुजरात की मांजलपुर सीट पर भी भाजपा उम्मीदवार सतेंद्रभाई पटेल बढ़त बनाए हुए हैं।
हालांकि, सभी सीटों पर अंतिम नतीजे मतगणना पूरी होने के बाद ही घोषित किए जाएंगे और शुरुआती रुझानों में बदलाव संभव है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *