दरभंगा

बकाये वेतन-पेंशन भुगतान के लिए दो दिवसीय विशेष शिविर शुरू संस्कृत विश्वविद्यालय के दरबार हॉल में दिए गए करीब 115 आवेदन

दरभंगा:वैसे कार्यरत व सेवानिवृत कर्मी जिन्हें बकाया वेतन या फिर सेवांत लाभ की राशि नहीं मिल पायी है, उनके लिए संस्कृत विश्वविद्यालय द्वारा दरबार हॉल में दो दिवसीय विशेष शिविर का शुभारंभ किया गया। आज सोमवार को पहले दिन भुगतान के लिए करीब 115 आवेदन दिए गए हैं। शिविर कल दूसरे दिन मंगलवार को भी लगेगा। आवेदक यहां जरूरी कागजातों के साथ अपना भुगतान सम्बन्धी आवेदन दे सकते हैं। उक्त जानकारी देते हुए पीआरओ डॉ निशिकांत ने बताया कि कुलपति प्रो लक्ष्मी निवास पांडेय ने खुद काफी देर तक शिविर में बैठकर आवेदकों की परेशानी सुनी और विधि सम्वत कार्रवाई का आश्वासन भी दिया। कुलपति ने लेखा विभाग के कर्मियों से कहा कि सभी आवेदनों को गम्भीरता से लेना है और आवेदकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसका भी ध्यान रखना है। उन्होंने आवेदकों को धैर्य रखने को कहा। वहीं , पूरे दिन शिविर में बैठे कुलसचिव डॉ दिनेश झा ने कहा कि सभी आवेदनों में किये गए भगतां सम्बन्धी दावे को देखा व परखा जाएगा। सरकार व लोकभवन के दिशा निर्देशों का पालन करते हुए आवेदनों की छंटनी की जाएगी और फिर भुगतान होगा। इसी बीच एफओ डॉ पवन कुमार झा ने कहा कि विश्वविद्यालय के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के वेतन एवं बकाया वेतन तथा सेवानिवृत्त शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मियों के सेवानिवृत्त लाभ सम्बन्धी आवेदन मिले हैं। शिविर पश्चात सभी की विधि सम्मत आर्थिक गणना की जाएगी फिर भुगतान का कार्य आगे बढ़ेगा। बता दें कि लोकभवन पटना के निर्देश पर आयोजित विशेष शिविर को लेकर आज विश्वविद्यालय में काफी गहमा- गहमी रही। भुगतान के मुद्दे पर आवेदक भी बहुत आशावान दिख रहे थे। शिविर में अंकेक्षक सह एसओ अभिषेक कुमार झा, लेखा सहायक रणजीत ठाकुर व शम्भूनाथ झा के साथ साथ लेखा कर्मी राजन कुमार झा की विशेष भागीदारी रही और आवेदनों के संयोजन में सभी ने महती भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *