डेस्क: सोनी टीवी के सिंगिंग रियलिटी शो ‘इंडियन आइडल सीजन 16’ को आखिरकार अपनी नई विनर मिल गई है. महीनों के कड़े मुकाबले, मुश्किल ऑडिशन्स और एक से बढ़कर एक परफॉर्मेंस के बाद ओडिशा की रहने वाली ज्योतिर्मयी नायक ने ‘इंडियन आइडल 16’ की ट्रॉफी अपने नाम कर ली है.
‘यादों की प्लेलिस्ट’ थीम वाले इस सीजन के धमाकेदार ग्रैंड फिनाले में ज्योतिर्मयी ने अपने पांच तगड़े कॉम्पिटिटर्स अंशिका चोनकर, मनराज वीर सिंह, मायसिमे बसु, सुहैल सूफी और तनिष्क शुक्ला को पीछे छोड़ते हुए यह ऐतिहासिक जीत हासिल की. उन्हें चमचमाती ट्रॉफी के साथ 20 लाख रुपये और सोनी टीवी की तरफ से सिंगिंग कॉन्ट्रैक्ट मिला है, जिसके तहत वो उनके म्यूजिक कॉन्सर्ट में परफॉर्म करेंगी.

ग्रैंड फिनाले की शाम ज्योतिर्मयी ने स्टेज पर आते ही ‘सैयां ओ सैयां’ गाने पर अपनी जादुई आवाज से समां बांध दिया. उनकी इस परफॉर्मेंस पर जज से लेकर वहां मौजूद हर खास मेहमान झूमने पर मजबूर हो गया. पूरे सीजन में ज्योतिर्मयी ने अपनी गायकी से कई दिग्गजों का दिल जीता. शो में जब बॉलीवुड की ‘ड्रीम गर्ल’ हेमा मालिनी आईं, तो ज्योतिर्मयी के गाने ‘ओ जब तक है जान’ पर उन्होंने खड़े होकर स्टैंडिंग ओवेशन दिया था. वहीं, मशहूर एक्ट्रेस लीना चंदावरकर ज्योतिर्मयी की आवाज में ‘जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं’ सुनकर इतनी भावुक हो गई थीं कि उन्होंने इस गाने को दोबारा सुनने की ख्वाहिश जताई थी.
कैंसर मरीजों को ‘म्यूजिक थेरेपी’ देने से ‘इंडियन आइडल’ की ट्रॉफी तक!
ओडिया म्यूजिक इंडस्ट्री में अपनी पहचान बना चुकीं ज्योतिर्मयी की कहानी सिर्फ एक सिंगर की नहीं, बल्कि एक हीलर की भी है. इंडियन आइडल के मंच पर कदम रखने से पहले ज्योतिर्मयी कैंसर के मरीजों के लिए गाना गाकर उन्हें ‘म्यूजिक थेरेपी’ देने का काम करती थीं. अपनी सुरीली आवाज से मरीजों का दर्द कम करने वाली इस सिंगर को जब आज देश ने विनर बनाया, तो उनकी आंखों में खुशी के आंसू छलक पड़े.

ज्योतिर्मयी नायक के भावुक शब्द
ट्रॉफी हाथ में थामते ही ज्योतिर्मयी बेहद भावुक नजर आईं. उन्होंने अपनी इस ऐतिहासिक जीत पर टीवी9 हिंदी डिजिटल के साथ की खास बातचीत में कहा, “इंडियन आइडल 16 का खिताब जीतना किसी सपने जैसा लग रहा है. सिर्फ एक सपना लेकर ऑडिशन में आने से लेकर विनर बनने तक का यह सफर मेरी जिंदगी बदलने वाला रहा है. यह ट्रॉफी सिर्फ मेरी नहीं है, बल्कि उन सभी लोगों की है जिन्होंने मुझ पर भरोसा जताया और मुझे वोट दिया. मैं आगे भी ऐसा म्यूजिक बनाती रहूंगी जो सीधा दिलों को छुए.”
सितारों से सजी रही फिनाले नाइट
‘इंडियन आइडल 16’ का ग्रैंड फिनाले बेहद ग्रैंड और स्टार-स्टडेड रहा. शो के जज श्रेया घोषाल और बादशाह के साथ-साथ संगीत जगत की दिग्गज हस्तियों उषा उत्थुप, उदित नारायण, पापोन, कुमार सानू, शहनाज़ गिल और उर्मिला मातोंडकर ने फिनाले नाइट में अपनी मौजूदगी से चार चांद लगा दिए.

