अर्थ

टाटा कंज्यूमर का शुद्ध लाभ जून तिमाही में 29% बढ़कर 427 करोड़ रुपए पर

डेस्क: टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड (टीसीपीएल) का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून पहली तिमाही में सालाना आधार पर 28.77 प्रतिशत बढ़कर 427.19 करोड़ रुपए रहा। टाटा समूह की रोजमर्रा के उपयोग की घरेलू वस्तुएं बनाने वाली कंपनी (एफएमसीजी) ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ 331.75 करोड़ रुपए था।
चालू वित्त वर्ष की जून तिमाही में कंपनी की परिचालन आय 12 प्रतिशत बढ़कर 5,348.88 करोड़ रुपए हो गई, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,778.91 करोड़ रुपए थी। अप्रैल-जून तिमाही में टीसीपीएल का कुल खर्च 10.9 प्रतिशत बढ़कर 4,828.61 करोड़ रुपए हो गया। कंपनी की कुल आय 12.46 प्रतिशत बढ़कर 5,420.82 करोड़ रुपए रही। वित्त वर्ष 2026-27 की अप्रैल-जून तिमाही में कंपनी का कुल ब्रांडेड कारोबार 14.3 प्रतिशत बढ़कर 4,883.1 करोड़ रुपए हो गया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 4,270.9 करोड़ रुपए था।
कंपनी के ब्रांडेड कारोबार में चाय, कॉफी, पानी और विभिन्न मूल्यवर्धित उत्पादों का कारोबार शामिल है। कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुनील डी’सूज़ा ने कहा, ”हमने मात्रा में बढ़ोतरी के दम पर एक और तिमाही में दहाई अंकों में वृद्धि हासिल की। अहम बात यह है कि इससे एकीकृत शुद्ध लाभ में 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *