डेस्क: बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने इस्तीफा दे दिया है। यह जानकारी उनके सहयोगी ने दी। उनका कार्यकाल अभी लगभग दो साल बाकी थे, लेकिन पिछले कुछ दिनों में उनके इस्तीफे की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया था। स्थानीय मीडिया और राजनीतिक सूत्रों का कहना है कि पद छोड़ने का कारण स्वास्थ्य है। वहीं, बांग्लादेशी मीडिया की खबरों और स्वतंत्र खुलासों ने कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी का नाम शीर्ष पद के संभावित उत्तराधिकारी के रूप में सामने आ रहा है।
राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन अप्रैल 2023 में पांच साल के कार्यकाल के लिए चुने गए थे। वर्ष 2024 के जुलाई-अगस्त में छात्र आंदोलन के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री शेख हसीना की अवामी लीग सरकार सत्ता से बाहर हो गई थी। 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना भारत आ गईं और तब से यहीं रह रही हैं। उस राजनीतिक बदलाव के बाद भी शहाबुद्दीन अपने संवैधानिक पद पर बने रहने वाले इकलौते शीर्ष पदाधिकारी थे।
मोहम्मद शहाबुद्दीन का जन्म पश्चिमोत्तर पबना जिले में हुआ था। वे 1960 के दशक के अंत और 1970 के दशक की शुरुआत में अवामी लीग के छात्र और युवा विंग के नेता थे। इतना ही नहीं, शहाबुद्दीन ने 1971 के मुक्ति संग्राम में भी भाग लिया था और 15 अगस्त, 1975 को बांग्लादेश के संस्थापक बंगबंधु शेख मुजीबुर रहमान की उनके परिवार के सदस्यों के साथ एक सैन्य तख्तापलट में हत्या के बाद विरोध प्रदर्शन करने के लिए उन्हें कैद भी किया गया था।

