राष्ट्रीय

MP : नरसिंहपुर के सगौरिया में प्राचीन जैन मंदिर से अष्टधातु की 18 प्रतिमाएं चुरा ले गए बदमाश

डेस्क: मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के नरसिंहपुर जिले (Narsinghpur district) के करेली थाना (Kareli Police Station) क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सगौरिया स्थित प्राचीन जैन मंदिर (Ancient Jain Temple) में मंगलवार रात चोरी हुई। चोर मंदिर का ताला कटर से काटकर अंदर घुसे और वहां स्थापित लगभग 18 अष्टधातु की प्रतिमाएं चुरा ले गए। चोरी हुई प्रतिमाओं में भगवान महावीर स्वामी सहित अन्य जैन तीर्थंकरों की मूर्तियां शामिल बताई जा रही हैं।
घटना की सूचना मिलते ही करेली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट टीम को भी बुलाया गया। पुलिस घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटा रही है, साथ ही मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

करेली थाना प्रभारी रत्नाकर हिंगवे ने बताया कि ग्राम सगौरिया का यह जैन मंदिर क्षेत्र के प्राचीनतम मंदिरों में से एक है। चोरों ने रात में ताला तोड़कर मंदिर में प्रवेश किया और छोटी-बड़ी कई अष्टधातु की प्रतिमाएं चुरा लीं।
उन्होंने यह भी बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अलग-अलग टीमें गठित की हैं और सभी पहलुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। इस घटना से जैन समाज में भारी गुस्सा और चिंता का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपियों की जल्द पहचान कर चोरी गई प्रतिमाओं को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *