राष्ट्रीय

’50-50 ग्राम पाउडर…’ छात्रों को धमकाने वाला कॉन्स्टेबल सस्पेंड

डेस्क: महाराष्ट्र से एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो में एक पुलिसकर्मी हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को कथित तौर पर झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देता हुआ दिखाई दे रहा है. वीडियो वायरल होने के बाद मुंबई पुलिस ने तत्काल मामले की जांच के आदेश दिए. जांच पूरी होने तक संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया.
वायरल वीडियो पुलिस वैन के अंदर से बनाया गया बताया जा रहा है, जिसमें हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारी बैठे हुए हैं. वीडियो में पुलिस ड्राइवर कथित तौर पर कहता सुनाई देता है, “वापस इधर कहीं मिला तो मेरे जैसा बेकार आदमी कोई नहीं होगा. मैं सीधे 50-50 ग्राम पाउडर (जेब) में डाल दूंगा. फिर जिंदगी खत्म हो जाएगी. तुम्हारी वजह से हमें परेशानी हो रही है.”
इस बयान के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने सवाल उठाए कि आखिर पुलिसकर्मी किस ‘पाउडर’ की बात कर रहा था. कई लोगों ने इसे किसी व्यक्ति को झूठे ड्रग्स मामले में फंसाने की धमकी बताया और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की.

गुरुवार को राज ठाकरे और उद्धव ठाकरे की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी इस वीडियो का मुद्दा प्रमुखता से उठा. राज ठाकरे ने कहा कि उन्हें एक वीडियो मिला है, जिसमें पुलिसकर्मी हिरासत में लिए गए युवकों को ’50 ग्राम पाउडर’ डालने की धमकी दे रहा है.
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या यह पुलिसकर्मी ड्रग सप्लायर है? क्या पुलिस के पास ऐसा पाउडर आसानी से उपलब्ध है? आखिर यह सब चल क्या रहा है?” राज ठाकरे के इस बयान के कुछ ही समय बाद मुंबई पुलिस ने संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी.
वीडियो में दिखाई देने वाला पुलिसकर्मी पवन सांगले है, जो सायन पुलिस स्टेशन में ड्राइवर के पद पर तैनात था. छात्रों को इसने शिवाजी पार्क से उठाया था. वीडियो वायरल होने के बाद महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं ने पुलिस महानिदेशक से मुलाकात कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की.

इसी घटनाक्रम के दौरान एक और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसमें सीजेपी के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कुछ छात्रों को पुलिस हिरासत में लेकर वैन में ले जाती दिखाई दे रही है. तभी सड़क पर मौजूद अन्य प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वैन का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद हिरासत में बैठे छात्र एक-एक कर बाहर निकल गए और वहां से भाग निकले.
इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी बहस छिड़ गई है. एक वर्ग इसे छात्रों के विरोध का प्रतीक बता रहा है, जबकि दूसरा इसे कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती और अराजकता करार दे रहा है. फिलहाल मुंबई पुलिस दोनों वायरल वीडियो की जांच कर रही है और पूरे मामले में आगे की कार्रवाई जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *