परिवादियों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगवाएं, समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करें : अपर समाहर्त्ता
दरभंगा:17 जुलाई 2026 :- बिहार सरकार के निश्चय पार्ट–3 : सबका सम्मान, जीवन आसान’* कार्यक्रम के अंतर्गत जिलाधिकारी *श्री कौशल कुमार* के निर्देशानुसार समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में *अपर समाहर्त्ता (राजस्व) श्री मनोज कुमार* की अध्यक्षता में जन-सुनवाई एवं समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अपर समाहर्त्ता ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए परिवादियों को सम्मानपूर्वक बैठाकर उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुना तथा कई मामलों में स्वयं दूरभाष के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि *परिवादियों को बार-बार कार्यालय का चक्कर न लगवाया जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए*, क्योंकि यह राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने कहा कि जन-सुनवाई कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का *त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी समाधान* सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को प्रशासनिक सेवाओं का लाभ सहजता से प्राप्त हो सके।
आज आयोजित जन-सुनवाई में *40 से अधिक नागरिकों* ने अपनी समस्याएं अपर समाहर्त्ता के समक्ष रखीं। सभी आवेदनों पर गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कई मामलों का समाधान दूरभाष के माध्यम से तत्काल कराने का निर्देश दिया गया, जबकि शेष मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जन-सुनवाई में प्राप्त आवेदनों में *भूमि विवाद, अतिक्रमण हटाने, स्थानांतरण, सेवांत लाभ, कब्रिस्तान की घेराबंदी, वासगीत पर्चा, वृद्धावस्था पेंशन* सहित विभिन्न जनहित से जुड़े विषय प्रमुख रूप से शामिल रहे।
अपर समाहर्त्ता ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों का *शीघ्र, पारदर्शी एवं विधिसम्मत निष्पादन* सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को समय पर न्याय एवं राहत मिल सके।

