स्थानीय

शिवहर में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई: 80 लीटर शराब बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार, छापेमारी के दौरान पुलिस पर हमला

शिवहर:(सुरज ठाकुर) में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग को बड़ी सफलता मिली है। विभाग की टीम ने अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कुल 80 लीटर शराब बरामद की और दो तस्करों को गिरफ्तार किया। छापेमारी के दौरान एक स्थान पर पुलिस टीम पर हमला भी किया गया।

 

उत्पाद टीम ने तरियानी थाना क्षेत्र के वृंदावन मुसहरी वार्ड-8 में एक गौशाला में छिपाकर रखी गई 50 लीटर विदेशी शराब बरामद की। इस मामले में रंजन कुमार, पिता रामानंद को गिरफ्तार किया गया। विभाग के अनुसार रंजन की लंबे समय से तलाश थी।

 

दूसरी कार्रवाई पुरनहिया थाना क्षेत्र के कटैया बांध के पास की गई। यहां बाइक से शराब ले जा रहे दो युवकों को रोकने के दौरान 30 लीटर देसी शराब बरामद हुई। इसमें पप्पू कुमार को गिरफ्तार किया गया जबकि दूसरा आरोपी धर्मेंद्र पासवान पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।

 

गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने उत्पाद पुलिस की टीम पर हमला कर दिया, लेकिन जवानों ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए अभियान पूरा किया।

 

उत्पाद पुलिस निरीक्षक अजीत कुमार पंडित ने बताया कि जिले में अवैध शराब की तस्करी की गुप्त सूचना पर एसआई सुदामा कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने दोनों जगहों पर एक साथ छापेमारी कर कार्रवाई को अंजाम दिया।

 

दोनों गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। फरार आरोपी धर्मेंद्र पासवान की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *