बिहार

बिहार विधान परिषद चुनाव: जदयू के नीरज सहित एनडीए और कांग्रेस के कई प्रत्याशियों ने दाखिल किया नामांकन

डेस्क:बिहार विधान परिषद की आठ शिक्षक और स्नातक निर्वाचन सीटों के चुनाव को लेकर सोमवार को विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया। मुजफ्फरपुर में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से एनडीए समर्थित जदयू प्रत्याशी अभिषेक झा ने अपना नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर आयोजित आशीर्वाद सभा में एनडीए के कई नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। समर्थकों ने प्रत्याशी के पक्ष में एकजुटता का प्रदर्शन किया। वहीं, पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के डॉ. संजय यादव और पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. असदुल्लाह खान ने आयुक्त कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, कार्यकर्ता, शिक्षक और स्नातक समर्थक मौजूद रहे। नामांकन के बाद दोनों कांग्रेस प्रत्याशियों ने कहा कि शिक्षक और स्नातक समाज आज अपनी समस्याओं और अधिकारों को लेकर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि विधान परिषद में उनकी प्राथमिकता शिक्षक और स्नातक समाज की मजबूत और प्रभावी आवाज बनना होगी। शिक्षकों की सेवा सुरक्षा, वेतन और पेंशन संबंधी समस्याओं, वित्तविहीन शिक्षकों के सम्मानजनक भविष्य तथा शिक्षा व्यवस्था में सुधार के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। वहीं स्नातक युवाओं के रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर के लिए आवाज बुलंद की जाएगी।
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू के नीरज कुमार और पटना शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. नवल किशोर यादव ने भी नामांकन दाखिल किया। नीरज कुमार ने जीत का दावा किया है। दरभंगा में दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एनडीए प्रत्याशी डॉ. घनश्याम राय और सर्वेश कुमार ने भी नामांकन दाखिल किया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इस बीच दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाकपा माले ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। पार्टी ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय के चर्चित छात्र नेता और आरवाईए के बिहार राज्य उपाध्यक्ष संदीप चौधरी को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। पार्टी के इस फैसले के साथ दरभंगा स्नातक सीट पर मुकाबला और बहुकोणीय होने की संभावना बढ़ गई है।
बता दें कि बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर चुनाव हो रहे हैं। इनमें चार स्नातक निर्वाचन क्षेत्र—पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी तथा चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र—पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शामिल हैं।
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक, इन आठ सीटों के नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक होगा और मतगणना 27 अक्टूबर को कराई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *