उत्तर प्रदेश

भरत तिवारी एनकाउंटर मामला: तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले-‘बिना सीएम की अनुमति के कुछ नहीं होता

डेस्क:राजद के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव ने भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी कथित फर्जी एनकाउंटर मामले को लेकर बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने मामले में आरोपी रहे जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को नई जिम्मेदारी दिए जाने पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि पूरे मामले में सरकार केवल दिखावटी कार्रवाई कर रही है। गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि आरोपी अधिकारी को नई जिम्मेदारी सौंपा जाना कई सवाल खड़े करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार इस मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय केवल औपचारिकता निभा रही है। तेजस्वी यादव ने कहा, “बिना मुख्यमंत्री की अनुमति के किसी की हिम्मत ही नहीं है। गृह मंत्री भी वही हैं। पहले अधिकारी द्वारा उनको मैसेज भेजा गया, तब एनकाउंटर हुआ है। अब केवल दिखावटी कार्रवाई हो रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में अपराधियों और दोषी अधिकारियों को संरक्षण दिया जा रहा है, जिसके कारण पीड़ितों को न्याय नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा, “यहां जो भी अपराधी हैं, उनको संरक्षण मिलता है। सही तरीके से सुनवाई और कार्रवाई नहीं हो पाती है। यही सच्चाई है। सत्ता में बैठे लोग पूरे मामले की सच्चाई जानते हैं।”
राजद नेता ने एक बार फिर दावा किया कि इस पूरे प्रकरण में बिना शीर्ष स्तर की सहमति के कोई कार्रवाई संभव नहीं थी। उन्होंने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि आरोपी अधिकारियों के खिलाफ अब तक क्या कार्रवाई हुई है और उन्हें नई जिम्मेदारी किस आधार पर सौंपी गई। उल्लेखनीय है कि भोजपुर के चर्चित भरत तिवारी कथित फर्जी एनकाउंटर मामले को लेकर विपक्ष लगातार बिहार सरकार पर हमलावर है।
मामले में दर्ज प्राथमिकी में कई पुलिसकर्मियों को नामजद आरोपी बनाया गया है। इसी बीच जगदीशपुर के तत्कालीन एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा को नई जिम्मेदारी दिए जाने के बाद राजनीतिक विवाद और तेज हो गया है। विपक्ष इसे सरकार की मंशा पर सवाल खड़ा करने वाला फैसला बता रहा है, जबकि इस मामले को लेकर सियासी बयानबाजी लगातार जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *