राष्ट्रीय

बेंगलुरु के डे-केयर में बच्चों पर हैवानियत, वॉशिंग मशीन में डाले मासूम

डेस्क:कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक आईटी कंपनी में संचालित डे-केयर सेंटर से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां दो साल तक के मासूम बच्चों के साथ आया (मेड) ने हैवानियत की हद पार कर दी. आरोप है कि बच्चों को पीटा गया, डराया गया और उनके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हड़कंप मच गया. शिकायत मिलने पर पुलिस ने पांच मेड के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
यह घटना बेंगलुरु के एचएएल थाना क्षेत्र स्थित ब्रुकफील्ड इलाके में एक प्रमुख आईटी कंपनी के परिसर में संचालित डे-केयर सेंटर की है. यहां कंपनी में कार्यरत कर्मचारी अपने छोटे बच्चों को देखभाल के लिए छोड़कर काम पर जाते हैं. आरोप है कि बच्चों की देखभाल करने के बजाय वहां तैनात आया उनके साथ मारपीट करती थीं और उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थीं.

आरोप है कि बच्चों के रोने या शरारत करने पर आया उनके साथ क्रूर व्यवहार करती थीं. वीडियो में कथित तौर पर एक बच्चे को वॉशिंग मशीन के अंदर डालते हुए भी देखा गया है. इसके अलावा बच्चों के मुंह में जबरन टॉयलेट के जेट स्प्रे पाइप से पानी डालने जैसी अमानवीय हरकतें भी कैमरे में कैद होने का दावा किया गया है.
इतना ही नहीं, आरोप है कि बच्चों को शौचालय के अंदर बंद कर दिया जाता था और उन्हें डराकर चुप रहने के लिए मजबूर किया जाता था. वीडियो में मासूम बच्चों के डर से रोने और चीखने की आवाजें भी सुनाई दे रही हैं. इन वीडियो के सामने आने के बाद अभिभावकों में भारी नाराजगी है और बच्चों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
वीडियो वायरल होने के बाद चाइल्ड हेल्पलाइन को इस संबंध में शिकायत मिली. शिकायत के आधार पर एचएएल थाना पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की. शुरुआती जांच के बाद डे-केयर सेंटर में कार्यरत पांच आया के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल जारी है. यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *