डेस्क: वैभव सूर्यवंशी का इंतजार अब खत्म होने वाला है, ऐसा लगने लगा है। बीसीसीआई की सिलेक्शन कमेटी ने उन्हें आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए टीम में शामिल किया है। उन्हें आयरलैंड के खिलाफ मौका नहीं मिला, इंग्लैंड के खिलाफ भी पहला मैच हो गया, लेकिन वे प्लेइंग इलेवन का हिस्सा नहीं बन पाए। लेकिन अब उनके इंटरनेशनल डेब्यू का वक्त करीब आ गया है।
भारत और आयरलैंड के बीच दो टी20 इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली गई। इसके लिए वैभव सूर्यवंशी को भी टीम में शामिल किया गया था, लेकिन उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला। साथ ही सीरीज में भी टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद भारत और इंग्लैंड सीरीज का आगाज हो गया है। माना जा रहा था कि कम से कम इस सीरीज के पहले मैच में तो वैभव डेब्यू कर ही जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस बीच पिछले तीन मैचों से संजू सैमसन भी लगातार फ्लॉप साबित हुए हैं और वे एक एक रन बनाने के लिए तरस रहे हैं।
आयरलैंड के खिलाफ जो पहला टी20 मैच हुआ, उसमें संजू केवल पांच रन बना सके। सीरीज के दूसरे मैच में तो वे अपना खाता भी नहीं खोल पाए और पहली ही बॉल पर आउट हो गए। जब इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज का पहला मैच हुआ तो उसमें भी संजू केवल एक रन बनाकर चलते बने। इसके लिए संजू ने सात बॉल का सामना किया। ऐसे में संजू का अब टीम की प्लेइंग इलेवन से बाहर होना करीब करीब तय माना जा रहा है।
भारतीय टीम जब शनिवार को इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में खेलने के लिए उतरेगी तो प्लेइंग इलेवन में कोई और बदलाव हो ना हो, लेकिन इतना तो तय सा लग रहा है कि संजू सैमसन की जगह वैभव सूर्यवंशी को मौका दिया जाएगा। जहां तक कीपिंग की बात है तो उसके लिए ईशान किशन हैं ही। आयरलैंड के खिलाफ जो दूसरा टी20 मैच हुआ था, उसमें भी संजू सैमसन के रहते हुए भी किशन ने ही कीपिंग की जिम्मेदारी निभाई थी। इतना ही नहीं माना ये भी जाना चाहिए कि अगर वैभव को मौका मिला और पहले कुछ मैचों में वे रन नहीं भी बना पाए तो भी उन्हें कुछ मैच और दिए जाएंगे, ताकि उनकी प्रतिभा के साथ न्याय किया जा सके।

