उत्तर प्रदेश

नोएडा की लोटस स्पेसिया सोसायटी में 18वीं मंजिल से महिला ने कूदकर की आत्महत्या, पुलिस जांच में जुटी

डेस्क:नोएडा । नोएडा के सेक्टर-100 स्थित लोटस स्पेसिया सोसायटी में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक 46 वर्षीय महिला ने 18वीं मंजिल से छलांग लगाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। घटना के बाद सोसायटी में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना सेक्टर-39 पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, मृतका की पहचान पारुल अग्रवाल (46 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने पति और परिवार के साथ लोटस स्पेसिया सोसायटी के टावर-32 स्थित फ्लैट नंबर-1803 में रहती थीं। मंगलवार सुबह करीब 9:15 बजे उन्होंने अपने फ्लैट की 18वीं मंजिल से छलांग लगा दी। ऊंचाई से गिरने के कारण उनके सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही सोसायटी के निवासी बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। पुलिस ने तत्काल घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम ने भी मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। इसके बाद शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। प्रारंभिक पूछताछ में मृतका के पति पल्लव अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि उनकी पत्नी पिछले काफी समय से मानसिक तनाव से गुजर रही थीं। हालांकि, उन्होंने किसी अन्य विवाद या बाहरी कारण की जानकारी नहीं दी।
पुलिस परिवार के सदस्यों और अन्य संबंधित लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों को स्पष्ट किया जा सके। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *