उत्तर प्रदेश

तुष्टिकरण की राजनीति करते हैं ओवैसी, 2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार : एनडीए

डेस्क:लखनऊ/नई दिल्ली । उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों को लेकर एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के बयान पर एनडीए ने तीखी प्रतिक्रिया दी। एनडीए नेताओं ने ओवैसी पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और दावा किया कि 2027 में भी उत्तर प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। दरअसल, असदुद्दीन ओवैसी ने कहा है कि उनकी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि एआईएमआईएम अपने मेहनतकश और ईमानदार नेताओं को चुनाव में टिकट देगी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा को सत्ता में आने से रोकने के लिए उनकी पार्टी गठबंधन करने को भी तैयार है। ओवैसी के इस बयान पर उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने आईएएनएस से कहा, “असदुद्दीन ओवैसी हमेशा तुष्टिकरण की राजनीति की बात करते हैं। क्या वे कभी जामा मस्जिद की जांच कराने की मांग करेंगे? क्या वे किसी मजार या मस्जिद की जांच की बात करेंगे? यह सनातन धर्म और हिंदुओं का धर्म है, जहां लोग जांच का सामना करते हैं और जरूरत पड़ने पर जेल भी जाते हैं। क्या ऐसा किसी दूसरे धर्म में होता है? ओवैसी का उद्देश्य उत्तर प्रदेश या देश का विकास नहीं, बल्कि तुष्टिकरण की राजनीति करना है।”
वहीं, भाजपा सांसद गुलाम अली खटाना ने कहा, “ओवैसी साहब को किसने रोका है? उन्हें पहले भी किसी ने नहीं रोका और अब भी कोई नहीं रोक रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने कभी उन्हें नहीं रोका।”
इधर, भाजपा सांसद भोला सिंह ने कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में भाजपा की डबल इंजन सरकार ने जनकल्याण, विकास, कानून-व्यवस्था और लोगों की सुरक्षा के लिए लगातार काम किया है। इसी वजह से उत्तर प्रदेश की जनता सरकार से संतुष्ट है।
उन्होंने कहा, “असदुद्दीन ओवैसी आएं या कोई और, भारतीय जनता पार्टी ही सरकार बनाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश और पूरे देश में जो विकास हुआ है, उसके आधार पर प्रदेश की जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार भाजपा को स्पष्ट बहुमत देकर सरकार बनाएगी।”
ओवैसी के राम मंदिर वाले विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए यूपी सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा, “इसमें मुसलमान क्यों रहेगा।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि वक्फ बोर्ड में हिंदू को रख लें।
बता दें कि असदुद्दीन ओवैसी ने राम मंदिर विवाद पर व्यंग करते हुए कहा था कि सरकार को कमेटी में किसी मुसलमान को रखना चाहिए था। चोरी खुलने पर मुसलमान को गोली मार देते और सब खत्म हो जाता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *