दरभंगा

डीडीसी की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की हुई बैठक

 

 

दरभंगा, 28 सितंबर 2026 :- समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में आज उप विकास आयुक्त, दरभंगा श्री स्वप्निल की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाओं, विभागीय कार्यों की प्रगति, जन शिकायतों, न्यायालय संबंधी मामलों तथा विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों के निष्पादन की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक की शुरुआत में उप विकास आयुक्त ने सीडब्ल्यूजेसी/एमजेसी, मानवाधिकार, लोकायुक्त, आरटीपीएस, लोक शिकायत निवारण, सीपीग्राम, ई-कंप्लायंस डैशबोर्ड तथा राजस्व जन शिकायत सहित विभिन्न मामलों की विभागवार समीक्षा की।

 

उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने कहा कि विभिन्न पोर्टलों के माध्यम से प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों के निष्पादन की नियमित रूप से निगरानी की जाए तथा लंबित मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की शिथिलता नहीं बरती जाए।विभागीय स्तर पर लंबित प्रतिवेदनों को भी शीघ्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।

 

बैठक के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित लाभुकों की सूची अपलोड करने का निर्देश दिया।

जिला लोक शिकायत निवारण से संबंधित मामलों की समीक्षा के क्रम में शिक्षा विभाग का लंबित प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित पदाधिकारी को दिया गया।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त ने बताया कि इस बार सहयोग शिविर का आयोजन तीन दिनों—06, 07 एवं 08 अक्टूबर को किया जाएगा। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को शिविर की समुचित तैयारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने प्रखंड स्तर पर आवश्यक काउंटरों का संचालन सुनिश्चित करने तथा आम लोगों से आवेदन प्राप्त करने का निर्देश दिया,ताकि शिविर के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों की समस्याओं एवं आवेदन का निष्पादन किया जा सके।

 

राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान उप विकास आयुक्त ने जिले के सभी अंचल अधिकारियों को पर्चा वितरण के लिए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप लाभुकों एवं संबंधित मामलों को चिन्हित करने का निर्देश दिया। बताया गया कि दरभंगा जिले में पर्चा वितरण के लिए लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

 

उन्होंने सभी संबंधित अंचल अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा कार्य में अपेक्षित प्रगति लाने का निर्देश दिया।

 

बैठक में सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग द्वारा बताया गया कि जिले में पेंशन लाभुकों के आधार सीडिंग का कुछ कार्य अभी लंबित है। इस पर उप विकास आयुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को पेंशन लाभुकों के आधार सीडिंग का कार्य शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया।

 

उन्होंने कहा कि लाभुकों को योजनाओं का लाभ सुचारू रूप से उपलब्ध कराने के लिए आधार सीडिंग सहित आवश्यक प्रक्रियाओं को समय पर पूरा किया जाए तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए।

 

बैठक में बताया गया कि 01 अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस का आयोजन जिला एवं प्रखंड स्तर पर किया जाना है। उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

 

बैठक में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी श्री राजेश कुमार गुप्ता, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) श्री सलीम अख्तर, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री पवन कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री आशिष अमन सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

वहीं, जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *