आम सभा, रैली, जुलूस, वाहनों, लाउडस्पीकर एवं गैर-वाणिज्यिक हवाई अड्डा/हेलीपैड के उपयोग की अनुमति के लिए अनुमंडल स्तर पर होगी व्यवस्था
दरभंगा, 28 सितंबर 2026 :- जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिला पदाधिकारी, दरभंगा श्री कौशल कुमार द्वारा आदेश जारी करते हुए कहा गया कि बिहार विधान परिषद के *05-दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र निर्वाचन-2026* को सुचारू, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से निर्वाची पदाधिकारी-सह-आयुक्त, दरभंगा प्रमंडल द्वारा *एकल खिड़की व्यवस्था (Single Window System)* लागू करने के संबंध में आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि निर्वाचन के दौरान राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों एवं संबंधित व्यक्तियों द्वारा आयोजित *आम सभा, रैली, जुलूस, वाहनों के उपयोग तथा गैर-वाणिज्यिक हवाई अड्डा/हेलीपैड के उपयोग* के लिए आवश्यक स्वीकृति/अनुमोदन एकल खिड़की व्यवस्था के माध्यम से प्रदान किया जाएगा। वहीं, *लाउडस्पीकर के उपयोग की अनुमति संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी के स्तर से* निर्गत की जाएगी।
*जिला स्तर पर एकल खिड़की कोषांग गठित*
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर *जिला आईटी सेल में एकल खिड़की कोषांग* का गठन किया गया है। इसमें जिला आईटी सेल में प्रतिनियुक्त/कार्यरत कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है। *वरीय उप समाहर्ता, दरभंगा श्री सोनल कुमार महतो* को कोषांग का नोडल पदाधिकारी नामित किया गया है।
नोडल पदाधिकारी को निर्देश दिया गया है कि आम सभा, रैली, जुलूस, वाहनों तथा गैर-वाणिज्यिक हवाई अड्डा/हेलीपैड आदि के उपयोग से संबंधित प्राप्त आवेदनों पर संबंधित विभागों से आवश्यक *अनापत्ति प्रमाण-पत्र (NOC)* प्राप्त कर जांचोपरांत सक्षम प्राधिकार के समक्ष अनुमति हेतु आवेदन प्रस्तुत कराने की कार्रवाई सुनिश्चित करें।
*अनुमंडल स्तर पर लाउडस्पीकर की अनुमति की व्यवस्था*
लाउडस्पीकर के प्रयोग की अनुमति निर्गत करने के लिए *सदर, बेनीपुर एवं बिरौल अनुमंडल कार्यालयों में एकल खिड़की काउंटर* कार्यरत रहेगा। संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी द्वारा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति, कंप्यूटर सामग्री, स्टेशनरी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
*पुलिस विभाग से समन्वय हेतु नोडल पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति*
उन्होंने कहा कि जिला स्तर पर गठित एकल खिड़की कोषांग में एक *नोडल पुलिस पदाधिकारी* की प्रतिनियुक्ति के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक, दरभंगा के स्तर से की जाएगी। नोडल पुलिस पदाधिकारी जिला मुख्यालय में उपस्थित रहकर सभी थानाध्यक्षों के साथ समन्वय स्थापित करेंगे तथा संबंधित आवेदनों के संबंध में आवश्यक अनापत्ति प्राप्त करने की कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
*अनुमंडल स्तर पर भी गठित होगा कोषांग*
उन्होंने कहा कि आवेदन पत्रों के समर्पण एवं अनुमोदन की प्रक्रिया के लिए सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को अनुमंडल स्तर पर कोषांग गठित करने का निर्देश दिया गया है। इस कोषांग के माध्यम से *अंचलाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा विद्यालय/विश्वविद्यालय/महाविद्यालय के प्रधानाध्यापक/प्राचार्य सहित संबंधित विभागों* से समन्वय स्थापित कर आवश्यक अनापत्ति एवं अनुमोदन की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
एकल खिड़की व्यवस्था से संबंधित सभी सुविधाओं एवं प्रक्रियाओं के संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। नोडल पदाधिकारी, एकल खिड़की कोषांग एवं सभी अनुमंडल पदाधिकारी को निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
*निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध अनुमति उपलब्ध कराना उद्देश्य*
उन्होंने कहा कि एकल खिड़की व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य निर्वाचन अवधि के दौरान राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों द्वारा आयोजित विभिन्न गतिविधियों के लिए आवश्यक अनुमतियों को *निर्धारित प्रक्रिया के तहत समयबद्ध एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराना* तथा विभिन्न विभागों के बीच प्रभावी समन्वय सुनिश्चित करना है।


