अन्य

एक फ्लाइट में साथ दिखे उद्धव ठाकरे और फड़नवीस, अटकलों पर CM का जवाब- ‘पास बैठे होते तो जरूर होती बातचीत’

मुंबई : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस और शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के एक ही फ्लाइट में सफर करने को लेकर सियासी गलियारों में चल रही चर्चाओं पर अब खुद मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं का एक ही विमान में सफर करना महज संयोग था और अगर वे एक-दूसरे के बगल में बैठे होते तो निश्चित रूप से बातचीत भी होती।

देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि 26 जून को मुंबई से नागपुर जाने वाली फ्लाइट में उद्धव ठाकरे एक तरफ बैठे थे, जबकि वह दूसरी ओर थे। उन्होंने बताया कि हवाई यात्रा के दौरान उन्हें मोबाइल पर फिल्म देखने की आदत है और इस बार भी उड़ान भरने से लेकर लैंडिंग तक वह फिल्म देखने में व्यस्त रहे। ऐसे में किसी तरह की बातचीत या मुलाकात नहीं हो सकी।

मुख्यमंत्री ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर हो रही अटकलों पर तंज कसते हुए कहा कि एक ही फ्लाइट में यात्रा करने को लेकर जिस तरह की चर्चाएं हुईं, उससे उन्हें लगा कि वह राजनीति में हैं या पागलखाने में। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति शेड्यूल फ्लाइट से यात्रा कर सकता है और इसे बेवजह राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए।

अपने राजनीतिक भविष्य को लेकर उठ रहे सवालों पर फड़नवीस ने कहा कि उन्हें महाराष्ट्र की 14 करोड़ जनता और पार्टी नेतृत्व का आशीर्वाद प्राप्त है। उन्होंने कहा कि उनके “पंख काटे जाने” जैसी बातें निराधार हैं। साथ ही उन्होंने उद्धव ठाकरे की शुभकामनाओं का स्वागत करते हुए 2019 की राजनीतिक घटनाओं का भी जिक्र किया।

इससे पहले यवतमाल दौरे के दौरान जब उद्धव ठाकरे से मुख्यमंत्री फड़नवीस के साथ एक ही फ्लाइट में यात्रा करने को लेकर सवाल पूछा गया था, तो उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा था कि दोनों के बीच “हाई-लेवल चर्चा” हुई।

वहीं, भाजपा एमएलसी प्रसाद लाड ने भी इस मुद्दे पर कहा कि देवेंद्र फड़नवीस नियमित रूप से मुंबई और नागपुर के बीच हवाई यात्रा करते हैं। उन्होंने कहा कि राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन नेताओं के बीच व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं होती और सामान्य बातचीत होना स्वाभाविक है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *