डेस्क: असम में काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास शुक्रवार को एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर में 12 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-715 पर कोहोरा रेंज स्थित हाथीकुली चाय बागान के पास रंगाजान में उस समय हुई, जब बस की ट्रक से टक्कर हो गई। गोलाघाट के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक स्वप्ननील डेका ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”हमें प्रारंभिक सूचना मिली है कि इस हादसे में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई है।
हम सभी घटनास्थल पर मौजूद हैं और बस से शवों को निकाला जा रहा है, इसलिए मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है।” एक अन्य अधिकारी ने बताया कि बाद में पांच और घायलों ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने कहा कि बस में कितने यात्री सवार थे, इसकी सटीक संख्या का तत्काल पता नहीं चल पाया है। असम के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री एवं स्थानीय विधायक अतुल बोरा तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
घायलों को कोहोरा मॉडल अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल अधिकतर लोगों को जोरहाट चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। डेका ने कहा, ”उद्यान के पास लागू गति प्रतिबंधों का उल्लंघन करते हुए बस बहुत तेज गति से जा रही थी। हमारा मानना है कि यह दुर्घटना तब हुई, जब मिनीबस के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और वह कंटेनर ट्रक से जा टकराई।”


