डेस्क:मध्य पूर्व में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। रविवार तड़के ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया कि उसकी नौसेना और एयरोस्पेस फोर्स ने संयुक्त अभियान चलाकर कुवैत और बहरीन में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया है। ईरान ने कहा कि यह कार्रवाई उसके क्षेत्र पर अमेरिका द्वारा किए गए ताजा सैन्य हमलों के जवाब में की गई है। IRGC के अनुसार, अमेरिका ने शनिवार को ईरान के मिसाइल और ड्रोन भंडारण केंद्रों तथा तटीय रडार ठिकानों को निशाना बनाया था। ईरानी सरकारी मीडिया ने आरोप लगाया कि वॉशिंगटन ने होर्मुज जलडमरूमध्य में एक जहाज से जुड़े घटनाक्रम को आधार बनाकर ईरान के पांच तटीय ठिकानों पर भी हमला किया।

