कराची: पाकिस्तान के कराची शहर में शनिवार शाम अचानक हुए जोरदार विस्फोट और उसके बाद हुई अंधाधुंध गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना गुलिस्तान-ए-जौहर स्थित यूनिवर्सिटी रोड के मेटियोरोलॉजिकल चौरांगी के पास बताई जा रही है। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तेज धमाके की आवाज सुनाई दी, जिसके तुरंत बाद लगातार गोलियां चलने लगीं। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस और रेस्क्यू टीमें पहुंच गईं। कई एम्बुलेंसों को घटनास्थल से निकलते देखा गया, जिससे हताहतों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, देर रात तक किसी आधिकारिक एजेंसी ने मृतकों या घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं की थी।
रेस्क्यू 1122 के अधिकारियों के मुताबिक, सूचना मिलते ही आपातकालीन दल घटनास्थल पर भेजे गए और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। पुलिस ने पूरे इलाके को सील कर जांच शुरू कर दी है।
इस घटना पर सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने भी संज्ञान लिया है। उन्होंने पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट तलब करते हुए घटना की प्रकृति का जल्द पता लगाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। शुरुआती जांच जारी है और विस्फोट व गोलीबारी के पीछे की वजह का अभी आधिकारिक खुलासा नहीं हुआ है।
आशुतोष झा

