डेस्क: शुक्रवार (13 नवंबर, 2026) को भारत की राजधानी दिल्ली, पाकिस्तान के लाहौर को पीछे छोड़कर दुनिया का सबसे प्रदूषित शहर बन गई। 2 करोड़ की आबादी वाले इस शहर में हवा की गुणवत्ता खतरनाक स्तर तक पहुंच गई और स्मॉग छा जाने के कारण दृश्यता (visibility) काफी कम हो गई। स्विस समूह IQAir के अनुसार, दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 334 के स्तर पर “खतरनाक” श्रेणी में था, जिससे यह दुनिया का सबसे प्रदूषित प्रमुख शहर बन गया। IQAir हवा में मौजूद विषाक्त पदार्थों की मात्रा के आधार पर एयर क्वालिटी मापता है।
50 तक का AQI स्तर अच्छा माना जाता है, जिसमें स्वास्थ्य को बहुत कम या कोई खतरा नहीं होता। भारत के आधिकारिक केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने AQI को 403 के उच्च स्तर पर दर्ज किया और इसे “गंभीर” (severe) श्रेणी में रखा। स्विस और भारतीय आंकड़ों में अंतर का कारण अलग-अलग AQI स्केल और वायु प्रदूषण के स्तर को मापने व वर्गीकृत करने के लिए अपनाई गई अलग-अलग पद्धतियां हैं।
समाचार एजेंसी ANI के वीडियो में देखा जा सकता है कि घने स्मॉग (धुएं और कोहरे) के बीच से कारें और मोटरसाइकिलें गुजर रही थीं। इस स्मॉग के कारण शहर की मुख्य सड़कों पर लगी स्ट्रीट लाइटें भी ठीक से दिखाई नहीं दे रही थीं। उत्तरी भारत के कई हिस्सों और पड़ोसी पाकिस्तान में प्रदूषण एक मौसमी समस्या है। सर्दियों के मौसम में ठंडी और भारी हवा के कारण वाहनों से निकलने वाला धुआं, निर्माण कार्यों की धूल और खेतों में पराली जलाने से पैदा हुआ धुआं हवा में ही फंसकर रह जाता है।


