मुंबई/पुणे: महाराष्ट्र में 28 जून को आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) पेपर लीक की आशंका के बाद स्थगित कर दी गई। महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने आधिकारिक रूप से परीक्षा रद्द करने की घोषणा करते हुए कहा कि नई परीक्षा तिथि जल्द जारी की जाएगी।
राज्यभर के 1028 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा के लिए कुल 4,28,122 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था। इनमें बड़ी संख्या में सेवारत शिक्षक भी शामिल थे। परीक्षा रद्द होने से लाखों उम्मीदवारों की तैयारियों पर असर पड़ा है।
जानकारी के अनुसार, भिवंडी में गोपनीय सूचना मिलने के बाद पुलिस ने छापेमारी की। जांच के दौरान कुछ लोगों के पास ऐसे प्रश्न मिले जो टीईटी प्रश्नपत्र से मेल खाते पाए गए। इसके बाद भिवंडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया और परीक्षा परिषद ने एहतियात के तौर पर पूरी परीक्षा स्थगित करने का फैसला लिया।
महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद ने स्पष्ट किया है कि पहले से पंजीकृत अभ्यर्थियों को दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होगी। नई परीक्षा के लिए कोई अतिरिक्त शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। परिषद ने कहा कि नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। कांग्रेस ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए इसे “पेपर लीक सरकार” करार दिया और परीक्षा प्रणाली पर सवाल उठाए। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी ने भी सरकार की जवाबदेही पर प्रश्न उठाते हुए परीक्षा लीक की घटनाओं पर कड़ी प्रतिक्रिया दी।
उधर, शिक्षक संगठनों और अभ्यर्थियों ने पेपर लीक की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था को अधिक सुरक्षित व पारदर्शी बनाने की मांग की है।
आशुतोष झा

