
दरभंगा। 70 वीं बिहार लोक सेवा आयोग बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में दरभंगा प्रमंडल में कार्यरत तीन श्रम प्रवर्तन पदाधिकारियों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त करते हुए विभिन्न राजपत्रित पदों पर चयन हासिल किया है। उपलब्धि पर उप श्रम आयुक्त, दरभंगा, राकेश रंजन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा इन अधिकारियों की सफलता से न केवल दरभंगा प्रमंडल, बल्कि श्रम संसाधन एवं प्रवासी श्रमिक कल्याण विभाग का भी गौरव बढ़ा है। अलीनगर प्रखण्ड में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी स्मृति भारद्वाज का चयन बिहार प्रशासनिक सेवा में वरीय उप समाहर्त्ता के पद पर हुआ है। उन्होंने 70 वीं बीपीएससी परीक्षा में 160 वीं रैंक प्राप्त की है। वे मूल रूप से समस्तीपुर जिले के वारिसनगर प्रखंड अंतर्गत गोही गांव की निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा समस्तीपुर में हुई तथा वर्ष 2022 में उन्होंने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय, दरभंगा से स्नातक की शिक्षा पूर्ण की। मात्र 23 वर्ष की आयु में 69 वीं बीपीएससी परीक्षा के माध्यम से वर्ष 2024 में श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी बनने वाली स्मृति भारद्वाज ने अपनी मेहनत, लगन एवं दृढ़ संकल्प के बल पर यह नई उपलब्धि हासिल की है।
हायाघाट प्रखण्ड में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी साधना भारती ने 70 वीं बीपीएससी परीक्षा में 530 वीं रैंक प्राप्त कर बिहार वित्त सेवा में राज्य कर सहायक आयुक्त के पद पर चयन हुईं ।उनका चयन पूर्व में 67 वीं बीपीएससी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा के माध्यम से श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी के रूप में हुआ था। साधना भारती मधुबनी जिले के लदनिया प्रखंड अंतर्गत खाजेडीह गांव की निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा बोकारो (झारखंड) में प्राप्त करने के बाद उन्होंने भुवनेश्वर (ओडिशा) से बी.टेक. की उपाधि हासिल की। सरकारी सेवा में आने से पूर्व वे प्रतिष्ठित बहुराष्ट्रीय कंपनी एक्सेचर में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में कार्यरत थीं। दरभंगा प्रमण्डल अन्तर्गत मधुबनी जिला के बासोपट्टी में पदस्थापित श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी अभय कुमार* का चयन गृह (कारा) विभाग में प्रोबेशन पदाधिकारी के पद पर हुआ है। वे मूल रूप से शिवहर जिले के शिवहर प्रखंड के निवासी हैं। उनकी प्रारंभिक शिक्षा शिवहर में हुई तथा उन्होंने आईआईटी पटना से बी.टेक. की डिग्री प्राप्त की। अपनी कड़ी मेहनत, लगन एवं समर्पण के बल पर उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में सफलता अर्जित की है।
उप श्रम आयुक्त, राकेश रंजन ने कहा इन तीनों अधिकारियों की उपलब्धि विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया तीनों अधिकारी अपने नए दायित्वों का भी पूरी निष्ठा , कर्मठता ,ईमानदारी,एवं दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।
