दरभंगा

पर्व-त्योहारों से पूर्व मद्यनिषेध विभाग की बड़ी कार्रवाई, 513 लीटर विदेशी शराब बरामद

 

खरथुआ के खेतों में छिपाकर रखी गई छह लाख रुपये से अधिक मूल्य की शराब जब्त, मुख्य अभियुक्त फरार

 

दो अलग-अलग स्थानों से दो व्यक्ति चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार, शराब सेवन के आरोप में भी दो गिरफ्तार

 

दरभंगा, 10 नवंबर 2026 :- आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं सेवन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन एवं मद्यनिषेध विभाग द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है।

 

*जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देशानुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार सघन छापेमारी एवं विशेष अभियान चलाया जा रहा है।*

इसी क्रम में सहायक आयुक्त मद्यनिषेध श्री प्रदीप कुमार ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर सदर थाना क्षेत्र के खरथुआ गांव के समीप खेतों में छापेमारी की गई। इस दौरान खेतों में छिपाकर रखी गई *513 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई, जिसका अनुमानित मूल्य छह लाख रुपये से अधिक है।* छापेमारी की भनक लगते ही मौके से अभियुक्त फरार हो गया। अवैध शराब कारोबार में संलिप्त मुख्य अभियुक्त छोटे सहनी उर्फ मकई, निवासी खरथुआ, वार्ड संख्या-08, थाना सदर के विरुद्ध फरार अभियोग दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

 

वहीं, अभियान के दौरान सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर से जियालाल पासवान को 2 लीटर चुलाई शराब तथा मब्बी थाना क्षेत्र के मब्बी-मधपुर से कौशल्या देवी को 2 लीटर चुलाई शराब के साथ गिरफ्तार किया गया।

 

इसके अतिरिक्त, मब्बी थाना अंतर्गत मद्यनिषेध पुलिस द्वारा शराब सेवन के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए प्रकाश राम एवं वीरेंद्र पासवान को ब्रेथ एनालाइजर से जांच के बाद गिरफ्तार किया गया।

 

सहायक आयुक्त मद्यनिषेध ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं सेवन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों को किसी भी परिस्थिति में बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध मद्यनिषेध कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

*जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं भंडारण से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना प्रशासन या मद्यनिषेध विभाग को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *