उत्तर प्रदेश

राम मंदिर दान विवाद पर भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने दिया निष्पक्ष जांच का भरोसा

डेस्क:गोंडा । भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने राम मंदिर दान विवाद और उससे जुड़े विभिन्न मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच पूरी निष्पक्षता के साथ होनी चाहिए और जो भी दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। राम मंदिर से जुड़े प्रबंधन और पुराने लोगों की भूमिका पर करण भूषण सिंह ने कहा, “कौन इस व्यवस्था में रहेगा और कौन नहीं रहेगा, यह फैसला संबंधित लोगों का है। मैं इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहता, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जो लोग पहले से जुड़े रहे हैं, उन्हें भी बनाए रखा जाए।” उन्होंने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान से लेकर ढांचा गिराए जाने के बाद तक मंदिर और उससे जुड़े कार्यों का रखरखाव तथा प्रबंधन सही तरीके से किया गया है।
एफआईआर दर्ज होने में देरी को लेकर उठ रहे सवालों पर भाजपा सांसद ने कहा कि इस मुद्दे पर वह बुधवार को भी मीडिया से बात कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है कि एफआईआर दर्ज करने में देरी क्यों हो रही है।
करण भूषण सिंह ने कहा, “एफआईआर इसलिए देर से हो रही है, क्योंकि सरकार चाहती है कि सिर्फ एक व्यक्ति को दोषी ठहराकर बाकी लोगों को बचने का मौका न मिले। जो भी इस मामले में शामिल हैं, उनकी पूरी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।”
उन्होंने कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए। मैं कहना चाहता हूं कि जो भी इसमें शामिल हो, कोई बचना नहीं चाहिए। कार्रवाई बहुत सख्त होनी चाहिए। सजा उम्रकैद हो या कोई अन्य कठोर दंड, लेकिन दोषियों को हर हाल में सजा मिलनी चाहिए।
भाजपा सांसद ने कहा कि सरकार इस दिशा में काम कर रही है और जांच आगे बढ़ रही है। उन्होंने श्रद्धालुओं की भावनाओं का जिक्र करते हुए कहा, “अगर कोई व्यक्ति श्रद्धा और विश्वास के साथ भगवान को चढ़ावा चढ़ाता है और कोई उसे चोरी कर ले, तो यह बेहद गलत और निंदनीय बात है।” उन्होंने भरोसा जताया कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *