मुंबई: भारत और इजरायल के रिश्तों को नई मजबूती देने वाली बड़ी पहल सामने आई है। इजरायल के एक प्रमुख शहर में छत्रपति शिवाजी महाराज की भव्य प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसकी घोषणा मुंबई में इजरायल के कॉन्सुलेट जनरल यानिव रेवाच ने की।
रेवाच ने कहा कि यह स्मारक दोनों देशों के बीच गहरे संबंधों, साहस, नेतृत्व और आपसी सम्मान का प्रतीक बनेगा। उन्होंने इस पहल के लिए महाराष्ट्र सरकार से सहयोग मांगा, जिस पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत सहमति जताई।
फडणवीस ने इस घोषणा का स्वागत करते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार इस ऐतिहासिक परियोजना को पूरा समर्थन देगी। माना जा रहा है कि शिवाजी महाराज की प्रतिमा भारत-इजरायल मित्रता और सांस्कृतिक जुड़ाव का नया प्रतीक बनेगी।
इजरायल की धरती पर छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा स्थापित होने के साथ ही ‘जय भवानी, जय शिवाजी’ का जयघोष भी वैश्विक स्तर पर नई पहचान हासिल करेगा।
आशुतोष झा

