अवैध डेयरियों पर अब सीलिंग की तैयारी, ढुलमुल रवैये पर निगमायुक्त सख्त।
पिंगली डेयरी कॉम्प्लेक्स में स्थानांतरण में तेजी के आदेश, 74 संचालकों को नोटिस, एक सप्ताह में दोनों फेज की निशानदेही पूरी करने के निर्देश- सलोनी शर्मा, निगमायुक्त।

करनाल 12 सितंबर, पिंगली डेयरी कॉम्प्लेक्स में आवंटित प्लॉटों पर डेयरी निर्माण एवं स्थानांतरण की धीमी गति को लेकर नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि डेयरियों के स्थानांतरण के कार्य में अब किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं चलेगी। शहर में संचालित अवैध डेयरियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार सीलिंग सहित आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जाए।
निगमायुक्त ने पिंगली डेयरी कॉम्प्लेक्स में डेयरियों के स्थानांतरण की प्रगति की समीक्षा के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के दौरान उन्होंने न केवल कॉम्प्लेक्स में लंबित डेयरियों के निर्माण की स्थिति जानी, बल्कि शहर में मौजूद अवैध डेयरियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की भी विस्तृत जानकारी ली।
231 में से 137 प्लॉट आवंटित, 63 डेयरियां स्थानांतरित।
बैठक में संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह ने बताया कि पिंगली डेयरी कॉम्प्लेक्स में कुल 231 प्लॉट हैं। इनमें से 137 प्लॉट ड्रॉ के माध्यम से आवंटित किए जा चुके हैं। अब तक 63 डेयरियां कॉम्प्लेक्स में स्थानांतरित हो चुकी हैं, जबकि 74 डेयरी संचालकों ने अभी तक अपनी डेयरियां स्थानांतरित नहीं की हैं। उन्होंने बताया कि इन 74 मामलों में से 31 संचालकों द्वारा प्लॉट पर नींव डालने का कार्य किया जा चुका है तथा मिट्टी भरपाई भी हो चुकी है।
74 संचालकों को तत्काल नोटिस, निर्माण में तेजी के आदेश।
निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि सभी 74 लंबित डेयरी संचालकों को तत्काल नोटिस जारी किए जाएं तथा उन्हें अति शीघ्र डेयरी निर्माण पूरा कर कॉम्प्लेक्स में स्थानांतरण सुनिश्चित करने के लिए कहा जाए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि नोटिस जारी करने की कार्रवाई केवल औपचारिकता न रहे, बल्कि प्रत्येक मामले की समयबद्ध मॉनिटरिंग की जाए। जिन संचालकों द्वारा निर्धारित समय में डेयरी का निर्माण एवं स्थानांतरण नहीं किया जाता, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।
शहर की अवैध डेयरियों पर अब समयबद्ध कार्रवाई।
निगमायुक्त ने शहर में संचालित अवैध डेयरियों को लेकर भी सख्त निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि जिन डेयरी संचालकों को पिंगली डेयरी कॉम्प्लेक्स में प्लॉट आवंटित हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद वे शहर में अवैध रूप से डेयरी चला रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर समय-सारणी के अनुसार सीलिंग की कार्रवाई शुरू की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अवैध डेयरियों के संबंध में तैयार की गई सूची को अपडेट रखा जाए तथा कार्रवाई की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
शाखावार जिम्मेदारी तय कर तैयार होगी कार्ययोजना।
उन्होंने अधिकारियों के ढुलमुल रवैये पर नाराजगी जताते हुए कहा कि डेयरी स्थानांतरण जैसे महत्वपूर्ण कार्य में सभी संबंधित शाखाएं आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने फेजवार कार्ययोजना तैयार करने तथा शाखावार जिम्मेदारियां निर्धारित करने के निर्देश दिए। भूमि, सफाई, भवन एवं अभियंता शाखा को उनके संबंधित कार्यों की स्पष्ट जिम्मेदारी देते हुए डेयरी सीलिंग, स्थानांतरण, प्लॉटों की निशानदेही, ड्रॉइंग तथा विकास कार्यों की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा।
दोनों फेज की निशानदेही एक सप्ताह में पूरी करने के निर्देश।
उन्होंने डेयरी कॉम्प्लेक्स के दोनों फेज की निशानदेही का कार्य एक सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निशानदेही से संबंधित कार्य में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक सप्ताह बाद पुनः बैठक आयोजित कर प्रत्येक अधिकारी एवं संबंधित शाखा द्वारा की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्रवाई पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।
शेष प्लॉटों की ई-ऑक्शन से बिक्री होगी।
निगमायुक्त ने भूमि अधीक्षक को डेयरी कॉम्प्लेक्स में बचे हुए प्लॉटों की बिक्री ई-ऑक्शन पोर्टल के माध्यम से शीघ्र करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्लॉटों की बिक्री एवं आवंटन की प्रक्रिया में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।
डेयरी निर्माण नहीं करने वालों से 3.50 करोड़ की वसूली।
बैठक में निगमायुक्त ने बताया कि डेयरी कॉम्प्लेक्स में प्लॉट लेने के बावजूद डेयरी निर्माण नहीं करने वाले संचालकों से नगर निगम द्वारा करीब 3.50 करोड़ रुपये की वसूली की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि आवंटित प्लॉटों का निर्धारित उद्देश्य के लिए उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा और डेयरी स्थानांतरण की प्रक्रिया को अब पूरी गंभीरता एवं समयबद्धता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।
बाउंड्री वाल सहित सभी मूलभूत सुविधाएं दुरुस्त रहें।
उन्होंने सहायक अभियंता को डेयरी कॉम्प्लेक्स की बाउंड्री वाल का कार्य जल्द पूरा करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉम्प्लेक्स में डेयरी संचालकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं बेहतर स्थिति में होनी चाहिए। इसके लिए सड़क, स्ट्रीट लाइट, जलापूर्ति, सीवरेज तथा बरसाती पानी की निकासी जैसी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी की जाए और जहां भी कमी हो, उसे प्राथमिकता से दूर किया जाए।
निर्देशों की पालना में लापरवाही मिली तो होगी जवाबदेही तय।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पिंगली डेयरी कॉम्प्लेक्स में डेयरियों का स्थानांतरण, अवैध डेयरियों पर कार्रवाई और कॉम्प्लेक्स में विकास कार्य—तीनों कार्यों को अलग-अलग समयबद्ध लक्ष्यों के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्रवाई में देरी, लापरवाही अथवा ढुलमुल रवैया किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने कार्यों की जिम्मेदारी लेते हुए निर्धारित समय-सीमा में कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में संयुक्त आयुक्त दलजीत सिंह, सहायक अभियंता मंजीत राठी, भूमि अधीक्षक मनोज मान, सहायक प्रदीप शर्मा तथा कानूनगो उपस्थित रहे।
