अन्य

बिहार MLC चुनाव: जेडीयू ने जारी की उम्मीदवारों की लिस्ट, निशांत कुमार को मिला टिकट

पटना: बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 को लेकर जनता दल यूनाइटेड (JDU) ने अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक सूची जारी कर दी है। पार्टी ने कुल चार नामों का ऐलान किया है, जिसमें सबसे चर्चित नाम मुख्यमंत्री रहे नीतीश कुमार के बेटे और मौजूदा स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार का है। जेडीयू ने उन्हें पटना सीट से उम्मीदवार बनाया है।

इसके अलावा पार्टी ने मधुबनी की भारती मेहता और पश्चिमी चंपारण की शिवरानी देवी प्रजापति को भी मैदान में उतारा है। वहीं, उपचुनाव वाली सीट पर ललन प्रसाद को उम्मीदवार बनाया गया है। जेडीयू की इस सूची में दो महिलाओं को मौका देकर सामाजिक और राजनीतिक संतुलन साधने की कोशिश दिखाई दे रही है।

दरअसल, बिहार विधान परिषद की 9 सीटों पर द्विवार्षिक चुनाव होने हैं, जबकि एक सीट पर उपचुनाव कराया जाएगा। यह उपचुनाव उस सीट पर हो रहा है जो नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के बाद खाली हुई थी। इसी राजनीतिक बदलाव के बाद बिहार में सम्राट चौधरी के नेतृत्व में NDA सरकार बनी थी।

निशांत कुमार फिलहाल बिहार सरकार में स्वास्थ्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। हालांकि वे अभी किसी भी सदन के सदस्य नहीं हैं। संवैधानिक नियमों के मुताबिक मंत्री बनने के छह महीने के भीतर किसी सदन का सदस्य बनना जरूरी होता है। ऐसे में उनका विधान परिषद चुनाव लड़ना पहले से तय माना जा रहा था।

राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को जेडीयू की नई पीढ़ी को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है। पिछले कुछ महीनों में निशांत कुमार की राजनीतिक सक्रियता लगातार बढ़ी है और अब पार्टी ने उन्हें औपचारिक रूप से बड़ा राजनीतिक मंच दे दिया है।

18 जून को होने वाले विधान परिषद चुनाव में NDA का पलड़ा मजबूत माना जा रहा है। 243 सदस्यीय बिहार विधानसभा में NDA के पास 200 से ज्यादा विधायक हैं, जबकि महागठबंधन की संख्या काफी कम है। ऐसे में अधिकांश सीटों पर NDA उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *