पटना: बिहार की राजनीति में शुक्रवार को बड़ा सियासी सरप्राइज देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने बिहार विधान परिषद चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी, जिसमें सबसे ज्यादा चर्चा भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह के नाम की हो रही है। पार्टी ने उन्हें MLC उम्मीदवार बनाकर बड़ा राजनीतिक संदेश देने की कोशिश की है।
बीजेपी की ओर से जारी सूची में पवन सिंह के अलावा वरिष्ठ नेता संजय मयूख, अनिल कुमार ठाकुर और शीला पंडित को भी उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी महासचिव अरुण सिंह के हस्ताक्षर से जारी इस लिस्ट के बाद माना जा रहा है कि पवन सिंह जल्द ही बिहार विधान परिषद पहुंच सकते हैं।
पवन सिंह लंबे समय से भोजपुरी सिनेमा का बड़ा चेहरा रहे हैं और उनकी लोकप्रियता बिहार-पूर्वांचल के युवाओं के बीच काफी मजबूत मानी जाती है। ऐसे में बीजेपी का यह फैसला आने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखकर भी देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पार्टी ने सामाजिक और क्षेत्रीय समीकरण साधने के साथ-साथ भोजपुरी वोट बैंक को मजबूत करने की रणनीति अपनाई है।
उम्मीदवारों की सूची में संजय मयूख को तीसरी बार मौका देकर बीजेपी ने अनुभवी नेतृत्व पर भरोसा जताया है, वहीं शीला पंडित को शामिल कर महिला प्रतिनिधित्व का संदेश देने की कोशिश की गई है।
पवन सिंह का नाम सामने आते ही सोशल मीडिया पर भी हलचल तेज हो गई। उनके समर्थक इसे भोजपुरी समाज के सम्मान से जोड़कर देख रहे हैं। बिहार की राजनीति में फिल्मी चेहरों की एंट्री पहले भी होती रही है, लेकिन पवन सिंह की लोकप्रियता को देखते हुए यह फैसला काफी अहम माना जा रहा है।
आशुतोष झा

