अन्य

जंतर-मंतर में CJP का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पर दिल्ली में हाई अलर्ट

नई दिल्ली: दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर राजनीतिक हलचल का केंद्र बनने जा रहा है। 6 जून को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) द्वारा प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संगठन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सोशल मीडिया के जरिए लोगों से बड़ी संख्या में जुटने की अपील की है।

CJP ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, “अब इस छोटे मजाक को आंदोलन में बदलने का वक्त आ गया है। शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली की सड़कों पर उतरने के लिए तैयार रहें।” इस पोस्ट के वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस भी पूरी तरह सतर्क हो गई है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शन के लिए अब तक आधिकारिक अनुमति नहीं मांगी गई है, लेकिन सोशल मीडिया गतिविधियों और वायरल संदेशों को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा सकती है। कई जगह बैरिकेडिंग और ट्रैफिक डायवर्जन की भी तैयारी की जा रही है।

सूत्रों का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था से निपटने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी। वहीं, सोशल मीडिया पर इस विरोध प्रदर्शन को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे जंतर-मंतर और केंद्रीय दिल्ली के आसपास यात्रा करने से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी जरूर चेक कर लें, ताकि परेशानी से बचा जा सके।

आशुतोष झा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *