पश्चिम बंगाल : अभिषेक बनर्जी के बाद पश्चिम बंगाल के हुगली में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कल्याण बनर्जी पर जानलेवा हमला हुआ है।बताया जा रहा है कि चंडीताला पुलिस स्टेशन में डेप्युटेशन सौंपने जा रहे तृणमूल कांग्रेस (TMC) के वरिष्ठ सांसद कल्याण बनर्जी पर हुगली में जानलेवा हमला हुआ है।

प्रदर्शनकारियों ने सांसद के काफिले को चारों तरफ से घेरकर काले झंडे दिखाए, उग्र नारेबाजी की और उनके साथ कथित तौर पर मारपीट और हाथापाई की गई। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद कल्याण बनर्जी हुगली जिले के चंडीतला थाने में एक प्रतिनिधिमंडल के साथ ज्ञापन (डेप्युटेशन) सौंपने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मौजूद कुछ उग्र प्रदर्शनकारियों ने उन्हें चारों तरफ से घेर लिया।
प्रदर्शनकारियों ने सांसद को काले झंडे दिखाए और उनके खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देखते ही देखते मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रदर्शनकारियों ने सांसद के साथ धक्का-मुक्की और गंभीर मारपीट की। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत दखल देकर हालात को नियंत्रित किया।
‘मेरे सिर पर ड्यूज बॉल से मारा, खून बह रहा है’ – कल्याण बनर्जी
इस जानलेवा हमले के बाद टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी ने खुद अपनी आपबीती बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं अकेला आ रहा था और मेरे साथ कोई नहीं था। इसी दौरान बीजेपी (BJP) के सदस्यों ने मेरे साथ गाली-गलौज की और मेरे सिर पर ड्यूज बॉल (क्रिकेट की लेदर बॉल) से हमला कर दिया। इस हमले की वजह से मेरे सिर से खून बह रहा है। अब देश की जनता ही यह तय करेगी कि सांसदों को इस तरह लगातार निशाना बनाना सही है या गलत।’
अभिषेक बनर्जी के बाद कल्याण बनर्जी पर जानलेवा हमला
पश्चिम बंगाल की राजनीति में यह हमला बेहद संवेदनशील समय पर हुआ है। इससे ठीक एक दिन पहले शनिवार को ही तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी के साथ भी मारपीट की एक बड़ी घटना सामने आई थी। अब पार्टी के एक और दिग्गज चेहरे कल्याण बनर्जी को निशाना बनाए जाने के बाद राज्य का सियासी तापमान पूरी तरह गरमा गया है। टीएमसी नेताओं ने इस घटना की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या करार दिया है।
पुलिस जांच और सुरक्षा के कड़े इंतजाम
सांसद पर हमले की इस गंभीर वारदात के बाद हुगली पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच तेज कर दी है। घटना के समय मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और मौके के वीडियो फुटेज व अन्य तकनीकी साक्ष्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके। फिलहाल एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

