राष्ट्रीय

मोदी व शाह जानते हैं कि जिस दिन सत्ता हाथ से गई, उनकी मनमानी की कहानी खत्म : राहुल गांधी

डेस्क : कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान कुछ छात्राओं और महिलाओं के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर की गई बदसलूकी को लेकर शनिवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह जानते हैं कि सत्ता हाथ से जाते ही उनकी मनमानी की कहानी खत्म हो जाएगी। गांधी ने कुछ लड़कियों के साथ बातचीत का एक वीडियो ‘एक्स’ पर साझा किया, जिसमें उन्होंने विरोध प्रदर्शन के दौरान दिल्ली पुलिस पर उनके साथ बदसलूकी करने का आरोप लगाया है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया, ”यौन उत्पीड़न, कपड़े खींचना और निजी अंगों पर हमला, लोकतंत्र के लिए आवाज उठाने वाली छात्राओं तथा महिलाओं के साथ दिल्ली पुलिस की बर्बरता शर्मनाक हदें पार कर रही है।” उन्होंने दावा किया कि यह कथित कार्रवाई आवाज दबाने की कोशिश का हिस्सा है और इसका उद्देश्य विरोध करने वालों को इतना डराना एवं अपमानित करना है कि वे दोबारा सवाल उठाने की हिम्मत न करें।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, ”मोदी-शाह जानते हैं कि जिस दिन सत्ता हाथ से गई, उस दिन उनकी मनमानी की कहानी खत्म। उनका यही डर पुलिस तक पहुंचता है और हिंसा बनकर देश के युवाओं तथा महिलाओं पर टूट रहा है।” गांधी द्वारा साझा किए गए वीडियो में कुछ लड़कियां उनसे बातचीत करते हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मियों की कथित बदसलूकी का विवरण देती नजर आती हैं। उन्होंने पुलिसकर्मियों पर कपड़े खींचने और अनुचित तरीके से छूने समेत बदसलूकी के आरोप लगाए। इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की तरफ से प्रतिक्रिया फिलहाल नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *