डेस्क:कर्नाटक की राजनीति में जो गलती दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने की थी उसी गलती को दशकों बाद उनके बेटे राहुल गांधी ने दोहरा दिया है। हम आपको बता दें कि राजीव गांधी की जिस गलती ने कर्नाटक में कांग्रेस की सामाजिक और राजनीतिक जमीन को गहरा नुकसान पहुंचाया था, उसी राह पर अब राहुल गांधी के कदम बढ़ते दिखाई दे रहे हैं। वर्ष 1990 में तत्कालीन कांग्रेस अध्यक्ष राजीव गांधी ने तत्कालीन मुख्यमंत्री वीरेंद्र पाटिल को अचानक पद से हटाकर ऐसा संदेश दिया था, जिसे लिंगायत समाज ने अपने सम्मान पर चोट माना था। इसका परिणाम यह हुआ था कि कांग्रेस का पारंपरिक समर्थन आधार धीरे धीरे उससे दूर होता गया और राज्य में भाजपा के उदय की मजबूत नींव पड़ी। अब कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को हटाकर उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी के बीच कांग्रेस नेतृत्व के सामने वैसी ही चुनौती खड़ी दिखाई दे रही है।

