
दरभंगा। बायसी मेहतर समाज संस्थान के अध्यक्ष एवं समाज के वरिष्ठ अभिभावक स्वर्गीय रामाशीष राम के निधन से पूरे समाज एवं शहर में शोक की लहर व्याप्त है। 70 वर्ष की आयु में उन्होंने अपने आवास पर अंतिम सांस ली। उनके निधन से सामाजिक,धार्मिक, जनसेवा के क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है।
ज्ञात हो लगभग तीन माह पूर्व समाज के एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाते समय अललपट्टी रेल क्रॉसिंग के समीप उनका टोटो रिक्शा दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दुर्घटना में उनके गर्दन में गंभीर चोट आई थी। चिकित्सकों द्वारा उनका सफल ऑपरेशन भी किया गया, लेकिन वे पूरी तरह स्वस्थ नहीं हो सके। अंततः उन्होंने जीवन से विदा ले ली।
स्वर्गीय रामाशीष राम समाज के अत्यंत सम्मानित एवं लोकप्रिय व्यक्तित्व थे। वे अपने समाज के जातीय सरदार के रूप में वर्षों तक समाज को एकजुट रखने और सामाजिक अधिकारों के लिए संघर्षरत रहे। वर्ष 2017 से 2020 तक वे अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण समिति के सदस्य भी रहे तथा समाज के कमजोर एवं जरूरतमंद लोगों की आवाज बनकर लगातार कार्य करते रहे।
सामाजिक कार्यों के साथ-साथ धार्मिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। वे शहर के सबसे पुराने सूर्य पूजा समिति, जेपी चौक के अध्यक्ष एवं संरक्षक के रूप में लंबे समय तक जुड़े रहे। उनके नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में कई सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित हुए। स्वर्गीय रामाशीष राम जी की अंत्येष्टि आज सतीघाट श्मशान घाट में पूरे श्रद्धा एवं सम्मान के साथ संपन्न हुई, जहां उनके पुत्र जितेंद्र राम ने मुखाग्नि दी। अंतिम यात्रा में समाज के गणमान्य लोग, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। उनकी स्मृति में बायसी मेहतर समाज संस्थान द्वारा आज दिनांक 27 मई (बुधवार) को सायं 6 बजे स्थानीय जेपी चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। श्रद्धांजलि सभा में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर स्वर्गीय रामाशीष राम के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित किया। इस अवसर पर बायसी मेहतर समाज संस्थान के उपाध्यक्ष सह सीनेट सदस्य सचिन राम ने अपने संबोधन में कहा
स्वर्गीय रामाशीष राम समाज के लिए एक मजबूत स्तंभ थे। उन्होंने हमेशा समाज के गरीब, वंचित और जरूरतमंद लोगों की आवाज उठाई। उनका पूरा जीवन सामाजिक न्याय,एकता और जनसेवा को समर्पित रहा। उनका निधन केवल बायसी मेहतर समाज ही नहीं, बल्कि पूरे दरभंगा शहर के लिए अपूरणीय क्षति है। श्रद्धांजलि सभा में उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया। श्रद्धांजलि सभा में वार्ड पार्षद नवीन सिन्हा, संस्थान के सचिव राजू राम, कमल राम, रजत राम ,रोहित कुमार, बोका राम, मयंक कुकरेजा, कमल राम, कृष्णा सिंह, विशाल राम राकेश राम बुधन राम, पवन राम इत्यादि उपस्थित रहे।
