
दरभंगा। दरभंगा के सभी विकास कार्यों में तेजी लाने को लेकर नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह दरभंगा नगर विधायक,संजय सरावगी की उपस्थिति में पटना में विभागीय समीक्षा बैठक हुई। बैठक के बाद मंत्री के विभिन्न निर्देशों से विभाग को अवगत कराया गया। प्रदेश अध्यक्ष, सरावगी ने बताया नगर निगम क्षेत्र में चल रही प्रमुख शहरी विकास योजनाओं की उच्च स्तरीय समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। श्री सरावगी ने कहा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही अनियमितता या अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पर कार्रवाई की जाएगी। पटना में आयोजित समीक्षा बैठक में मौजूद श्री सरावगी ने बताया जलापूर्ति,सड़क निर्माण, नाला निर्माण,दरभंगा के तीनों तालाबों के सौंदर्ययीकरण से जुड़ी योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। बैठक में लोगों के शुद्ध पेय जल से जुड़ी जलापूर्ति परियोजना, स्टोर्म वाटर ड्रेनेज योजना,बस स्टैंड परियोजना,दोनार दाल मिल से टिन्ही पुल तक बचे हुए नाला निर्माण के अंश को पूरा किया जाना,मोक्ष धाम योजना तथा तालाबों के पुनरुद्धार एवं जीर्णोद्धार से संबंधित योजनाओं पर विशेष चर्चा हुई। शहरी आजीविका मिशन की प्रगति पर विस्तार से समीक्षा हुई। श्री सरावगी ने बताया दरभंगा के सुनियोजित एवं समग्र विकास को लेकर मैं आरंभ से सक्रिय रहा हूं और एनडीए की सरकार में सभी योजनाओं को लेकर पूरी तरह संकल्पित एवं प्रतिबद्ध हूं। जनहित से जुड़ी सभी योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा। बैठक में विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, सचिव संदीप आर पुरकल कट्टी, बुडको के प्रबंध निदेशक अनिमेष कुमार पाराशर समेत सभी अधिकारी मौजूद रहे।
