डेस्क: दिल्ली के सीमापुरी इलाके में ढही इमारत के मलबे से दो और शव बरामद होने के बाद मरने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर पांच हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि दोनों मृतकों की पहचान नुसरत उर्फ गुड़िया और हाजरा बीबी के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात बरामद शवों की पहचान 12 साल की लड़की, चार महीने की गर्भवती गुलफशा (21) और करीब डेढ़ साल के एक बच्चे के तौर पर हुई थी।
पुलिस ने बताया कि इमारत गिरने से घायल हुए आठ लोगों को इलाज के लिए ताहिरपुर के राजीव गांधी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दिल्ली पुलिस, दिल्ली आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), एमसीडी और दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) की टीम मलबा हटाने और खोज करने में लगी हुई हैं। सीमापुरी में ईदगाह मछली मंडी के पास स्थित चार मंजिला इमारत बुधवार दोपहर ढह गई। अधिकारियों ने कहा कि मंगलवार शाम को उत्तराखंड में आए भूकंप के झटकों के बाद इमारत में दरारें आ गईं। हालांकि इसके ढहने का सटीक कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।


