राष्ट्रीय

काम करवाते, फिर बेटी को जंजीरों में जकड़ देते; घरवाले बन गए हैवान

डेस्क: हरियाणा के पानीपत शहर से मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक युवती को उसके ही परिवार ने घर के अंदर लोहे की मोटी जंजीरों से बांधकर कैद कर रखा था. करीब 15 फीट लंबी भारी जंजीरों में जकड़ी युवती कई दिनों से यातना सह रही थी. मामले का खुलासा होने के बाद सामाजिक संस्था और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर युवती को मुक्त कराया.
सामाजिक संस्था नारी तू नारायणी उत्थान समिति को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के एक घर में एक लड़की को जंजीरों से बांधकर रखा गया है. सूचना मिलते ही समिति की अध्यक्ष सविता आर्या पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं. जब टीम घर के अंदर दाखिल हुई तो वहां का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए. एक कमरे में युवती लोहे की मोटी जंजीरों में बंधी हुई थी. जंजीर का दूसरा सिरा दीवार और भारी सामान से बांधा गया था ताकि वह कहीं जा न सके.

जंजीरों से आजाद होने के बाद युवती ने जो आपबीती सुनाई, उसने सभी को भावुक कर दिया. युवती ने बताया कि परिवार के लोग उससे सुबह और शाम घर का पूरा काम करवाते थे. खाना बनाना, सफाई करना और अन्य घरेलू काम भी उसी से कराए जाते थे. इस दौरान भी उसके पैरों में जंजीरें बंधी रहती थीं. काम खत्म होने के बाद उसे फिर कमरे में बंद कर दिया जाता और जंजीरों को और ज्यादा कस दिया जाता था. यहां तक कि वॉशरूम जाने के समय भी उसे जंजीरों से मुक्त नहीं किया जाता था.
जब पुलिस और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने परिवार से इस अमानवीय व्यवहार के बारे में सवाल किया तो परिजनों ने अपनी सफाई में चौंकाने वाला तर्क दिया. परिवार का कहना था कि युवती पहले दो बार घर से भाग चुकी थी. उन्हें डर था कि वह फिर कहीं चली जाएगी, इसलिए उसे बांधकर रखा गया. परिवार ने इसे घर की इज्जत से जोड़ते हुए कहा कि मजबूरी में ऐसा कदम उठाना पड़ा.
मामले की जानकारी मिलते ही राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन रेणु भाटिया ने भी संज्ञान लिया. उन्होंने जिला पुलिस अधिकारियों से बात कर पूरे मामले की जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और युवती की काउंसलिंग भी कराई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *