डेस्क: बेंगलुरु से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवक ने अपनी पत्नी पर ढाई साल के बेटे को बेचने का गंभीर आरोप लगाया है. युवक का दावा है कि पारिवारिक विवाद के बाद घर छोड़कर गई उसकी पत्नी ने अपने छोटे बेटे को 5 लाख रुपये में बेच दिया. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, बेंगलुरु के विवेकनगर थाना क्षेत्र में रहने वाले रवि बाबू और उनकी पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था. दोनों की शादी को करीब 16 साल हो चुके हैं. लगातार घरेलू झगड़ों से परेशान होकर पत्नी कुछ दिन पहले अपने तीन बच्चों को लेकर घर छोड़कर चली गई थी.
रवि बाबू का आरोप है कि उसकी पत्नी तीनों बच्चों को लेकर बेंगलुरु के मैजेस्टिक इलाके पहुंची थी. वहां उसने दो बच्चों को छोड़ दिया, जबकि ढाई साल के बेटे को अपने साथ ले गई. बाद में किसी तरह दोनों बच्चे घर वापस पहुंच गए, लेकिन सबसे छोटा बेटा अब तक लापता है. रवि का दावा है कि उसकी पत्नी ने बच्चे को 5 लाख रुपये में बेच दिया है.
रवि ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी पत्नी को इस काम के लिए कुछ लोगों ने उकसाया था और उसके मायके वालों ने भी इस फैसले में उसका साथ दिया. रवि बाबू के अनुसार, जब उनके दोनों बच्चे अपनी मां को वापस लाने के लिए नानी के घर गए तो उन्हें वहां से डांटकर भगा दिया गया.

