स्थानीय

दरभंगा : LNMU के नागेंद्र झा स्टेडियम का होगा विकास, ₹99.97 लाख स्वीकृत

दरभंगा : ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय परिसर स्थित नागेन्द्र झा स्टेडियम के खेल मैदान के विकास एवं मरम्मत तथा खेल अधोसंरचना के सुदृढ़ीकरण हेतु विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार के ऐच्छिक कोष से 99.97 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। यह जानकारी विश्वविद्यालय के खेल पदाधिकारी अमृत कुमार झा ने दी। उन्होंने बताया कि यह स्वीकृति विश्वविद्यालय के खेल विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण उपलब्धि है, जिससे विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले दरभंगा, मधुबनी, समस्तीपुर एवं बेगूसराय जिलों के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास एवं खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी हेतु आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध होंगी।

अमृत कुमार झा ने विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार के प्रति विशेष कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि समाज एवं संस्थानों के विकास के लिए इस प्रकार उदारतापूर्वक सहयोग करने वाले जनप्रतिनिधि विरले ही होते हैं। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के खेल अधोसंरचना विकास हेतु इतनी महत्वपूर्ण राशि की स्वीकृति उनके व्यापक दृष्टिकोण, संवेदनशील नेतृत्व एवं युवाओं के भविष्य-निर्माण के प्रति गहरी प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि विधान परिषद सदस्य ने जिस खुले मन एवं सकारात्मक भावना से विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों और खेल विकास के लिए सहयोग प्रदान किया है, वह न केवल प्रशंसनीय है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है। झा ने यह भी बताया कि विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार ने आश्वासन दिया है कि यदि नागेन्द्र झा स्टेडियम के समुचित विकास एवं विस्तार हेतु भविष्य में अतिरिक्त राशि की आवश्यकता होगी तो वे आगे भी हरसंभव सहयोग करते हुए आवश्यक राशि उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि यह आश्वासन उनके खेलप्रेम, खिलाड़ियों के प्रति संवेदनशीलता एवं विकासोन्मुख सोच को स्पष्ट रूप से दर्शाता है। कहा कि यह उपलब्धि कुलपति की दूरदर्शी सोच, सतत प्रयास, कुशल नेतृत्व एवं खेलों के प्रति उनकी विशेष प्रतिबद्धता का प्रत्यक्ष परिणाम है। कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने शिक्षा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी निरंतर उल्लेखनीय प्रगति की है और खिलाड़ियों के लिए बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं।

इस अवसर पर विश्वविद्यालय के पूर्व खेल पदाधिकारी सह निदेशक, डब्ल्यूआईटी प्रो. अजय नाथ झा ने कहा कि कुलपति के नेतृत्व में विश्वविद्यालय खेल विकास के एक नए युग में प्रवेश कर रहा है। उन्होंने कहा कि नागेन्द्र झा स्टेडियम का विकास विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों के लिए वरदान साबित होगा और इससे विश्वविद्यालय की खेल पहचान राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सशक्त होगी। प्रो. झा ने विधान परिषद सदस्य के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि खेल एवं खिलाड़ियों के प्रति उनकी संवेदनशील सोच, उदार सहयोग एवं विकासोन्मुख दृष्टिकोण अत्यंत सराहनीय है। कहा कि विश्वविद्यालय के खेल विकास के लिए इतनी बड़ी राशि की स्वीकृति उनके खेल प्रेम, युवाओं के प्रति समर्पण एवं विश्वविद्यालय के प्रति आत्मीयता का परिचायक है।

स्नातकोत्तर क्रीड़ा परिषद् की अध्यक्ष डॉ. प्रियंका राय ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कुलपति का खेलों के प्रति समर्पण, दूरदृष्टि एवं खिलाड़ियों के हित में उनकी सक्रियता वास्तव में प्रेरणादायी है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए कुलपति द्वारा किए जा रहे प्रयास अनुकरणीय हैं और इसी का परिणाम है कि विश्वविद्यालय को यह महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। डॉ. राय ने विधान परिषद सदस्य सर्वेश कुमार के प्रति विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय एवं खिलाड़ियों के हित में उनकी संवेदनशीलता, उदारता एवं सकारात्मक पहल अत्यंत प्रशंसनीय है। उनके इस सहयोग से विश्वविद्यालय के हजारों खिलाड़ियों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी तथा उन्हें बेहतर अवसर और सुविधाएँ प्राप्त होंगी।

विश्वविद्यालय परिवार एवं समस्त खिलाड़ियों ने कुलपति एवं विधान परिषद् सदस्य सर्वेश कुमार के प्रति हार्दिक आभार एवं अभिनंदन व्यक्त करते हुए इसे विश्वविद्यालय के खेल इतिहास में एक स्वर्णिम उपलब्धि बताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *