डेस्क: महाराष्ट्र की बारामती विधानसभा सीट (Baramati Assembly Seat) पर हुए उपचुनाव में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) चीफ और डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार (Sunetra Pawar) बंपर जीत हासिल की है. जीत पक्की होते ही सुनेत्रा पवार काफी भावुक हो गईं और उन्होंने अपनी इस कामयाबी को स्वर्गीय अजित पवार को समर्पित किया. उन्होंने कहा कि अजित दादा के बिना यह उनका पहला चुनाव था और उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें इस तरह चुनाव मैदान में उतरना पड़ेगा. उनके मुताबिक बारामती की जनता ने जो भारी मतदान किया है, वही अजित दादा के लिए उनकी सच्ची श्रद्धांजलि है.
बारामती मेरा परिवार और विकास का संकल्प
अपनी जीत के बाद बारामती की जनता का आभार जताते हुए सुनेत्रा पवार ने कहा कि बारामती उनके लिए सिर्फ एक निर्वाचन क्षेत्र नहीं बल्कि उनका अपना परिवार है. उन्होंने संकल्प लिया कि वह अपने लोगों की सेवा में हमेशा तत्पर रहेंगी और विकास कार्यों के जरिए अजित पवार के अधूरे सपनों को साकार करेंगी. डिप्टी सीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि वह क्षेत्र की तरक्की के लिए पूरी लगन से काम करती रहेंगी. जीत की बढ़त के बीच उन्होंने जनता से शांति बनाए रखने और साथ मिलकर चलने की बड़ी अपील भी की.
शरद पवार और सुप्रिया सुले के लिए जताया सम्मान
सुनेत्रा पवार ने इस मौके पर चाचा शरद पवार और सुप्रिया सुले की जमकर तारीफ कर सबको हैरान कर दिया. एनसीपी चीफ ने बताया कि शुरुआत में शरद पवार ने कहा था कि वे कोई उम्मीदवार नहीं उतारेंगे जिसे वह एक बड़े समर्थन के तौर पर देखती हैं. उन्होंने स्वीकार किया कि अब तक सुप्रिया सुले और पवार परिवार ने जनता के बीच जिस तरह का विश्वास और सेवा का भाव कायम किया है वह काबिले तारीफ है. सुनेत्रा ने वादा किया कि वह परिवार की इस विरासत और जन सेवा की परंपरा को आगे बढ़ाने की पूरी कोशिश करेंगी.
PM मोदी को बधाई और विपक्ष पर सधी प्रतिक्रिया
चुनाव नतीजों के दौरान सुनेत्रा पवार ने बंगाल और असम में बीजेपी की बढ़त पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खास तौर पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि इन नतीजों से एक बार फिर जनता का भरोसा सामने आया है जो पीएम मोदी के नेतृत्व को दर्शाता है. वहीं दूसरी तरफ ममता बनर्जी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर उन्होंने बहुत ही सधी हुई प्रतिक्रिया दी. सुनेत्रा ने कहा कि हर व्यक्ति का चीजों को देखने का अपना नजरिया होता है और वह इस तरह के विवादित बयानों पर कोई टिप्पणी करना पसंद नहीं करेंगी.

