राष्ट्रीय

केरलम में जीत कर भी कैसे फंस गई कांग्रेस! राहुल-खरगे के सामने नई चुनौती

डेस्क: केरलम विधानसभा चुनाव 2026 (Kerala Legislative Assembly Elections 2026) में कांग्रेस नीत यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। करीब एक दशक बाद सत्ता में लौटने की कगार पर खड़े UDF के सामने अब सबसे बड़ा सवाल मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर है। हालांकि, कांग्रेस ने अभी तक किसी एक नाम का ऐलान नहीं किया है और फैसला हाईकमान पर छोड़ दिया गया है।
कांग्रेस सांसद के. सुरेश ने साफ कहा है कि चुने गए विधायक तिरुवनंतपुरम में बैठक करेंगे, सहयोगी दलों से चर्चा होगी और अंतिम निर्णय कांग्रेस नेतृत्व ही करेगा।

वी.डी. सतीशन सबसे आगे?
विपक्ष के नेता वी.डी. सतीशन को मुख्यमंत्री पद की दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है। उन्होंने परवूर सीट से जीत दर्ज की है। सतीशन ने जीत के बाद कहा कि उन्होंने विपक्ष के नेता के तौर पर UDF को सत्ता में वापस लाने का वादा किया था, जिसे उन्होंने पूरा किया।
के सी वेणुगोपाल भी दावेदार
कांग्रेस महासचिव और अलप्पुझा से सांसद के सी वेणुगोपाल का नाम भी चर्चा में है। पार्टी के वरिष्ठ नेता तारिक अनवर ने कहा कि अगर वेणुगोपाल मुख्यमंत्री बनना चाहते हैं तो उन्हें पार्टी की प्रक्रिया से गुजरना होगा। अंतिम फैसला हाईकमान ही करेगा।
रमेश चेन्निथला की मजबूत दावेदारी
वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला भी इस रेस में पीछे नहीं हैं। उन्होंने हरिपाड सीट से बड़ी जीत हासिल की है। चेन्निथला पहले भी विपक्ष के नेता रह चुके हैं और राज्य की राजनीति में उनका लंबा अनुभव उन्हें मजबूत दावेदार बनाता है।
शशि थरूर का नाम भी चर्चा में
तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर का नाम भी पूरी तरह खारिज नहीं किया जा सकता। हालांकि हाल के समय में BJP के प्रति उनके नरम रुख को लेकर पार्टी के भीतर सवाल उठे हैं। मुख्यमंत्री चेहरे पर पूछे जाने पर थरूर ने कहा कि इसका फैसला दिल्ली ही करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *