अन्य

नशे के सौदागरों के खिलाफ बिरौल पुलिस का बड़ा प्रहार, स्मैक और वाहन के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार।

वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बिरौल अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में सूखा नशा (स्मैक) के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष छापेमारी अभियान के तहत बिरौल थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने स्मैक तस्करी के आरोप में तीन दिनों के भीतर एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रभाकर तिवारी ने बताया कि गत 18 सितंबर 2026 को बिरौल स्थित एयरटेल टावर परिसर से 1.68 ग्राम स्मैक बरामद किया गया था। इस मामले में पूर्व में लाला पटेल और कामनी देवी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

इसी कांड के नामजद फरार आरोपी दीपु कामती को 20 सितंबर 2026 को अनुसंधानकर्ता पीएसआई सूरज कुमार द्वारा गिरफ्तार किया गया। आरोपी दीपु कामती ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में बताया कि उसने यह स्मैक सहरसा जिले के जलई थाना क्षेत्र स्थित बघवा गांव निवासी निर्मल यादव से खरीदकर बिरौल में बेचने के लिए लाया था।

एसडीपीओ श्री तिवारी ने बताया कि 20 सितंबर 2026 को पुलिस अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार एवं राजीव कुमार के नेतृत्व में की गई छापेमारी के दौरान चार पहिया वाहन (रजिस्ट्रेशन संख्या BR09AB6389) के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनके पास से 4.600 ग्राम स्मैक बरामद किया गया।

पुलिस ने इस मामले में NDPS एक्ट की धारा 21(a)/25/29 के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी शुभम कुमार मिश्रा ने स्वीकार किया कि उसने भी यह स्मैक निर्मल यादव (बघवा, जलई, सहरसा) से ही खरीदा था।

उल्लेखनीय है कि शुभम कुमार मिश्रा की अवैध गतिविधियों के संबंध में पूर्व में मानस पोर्टल (MANAS) के माध्यम से गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी।

मौके से अपर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार एवं एएसआई राजीव कुमार द्वारा 4.6 ग्राम स्मैक, एक चार पहिया वाहन एवं एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान दीपु कामती, ग्राम डुमरी, थाना बिरौल (स्मैक मामले में फरार), तथा शुभम कुमार मिश्रा और राजा चौधरी, दोनों ग्राम बड़गांव, थाना बड़गांव, जिला दरभंगा, के रूप में की गई है।

इस मामले में दर्ज एफआईआर का अनुसंधान पीएसआई शैलेश कुमार को सौंपा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *