नई दिल्ली

दिल्ली से पुणे जा रही इंडिगो फ्लाइट में यात्री ने इमरजेंसी गेट से की छेड़छाड़, केस दर्ज

डेस्क: दिल्ली से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद इंडिगो की उड़ान में सवार 33 वर्षीय एक यात्री ने कथित तौर पर आपातकालीन निकास द्वार के लीवर के कवर से छेड़छाड़ की, जिससे हवा में विमान में सवार लोगों में दहशत फैल गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना सोमवार को पुणे जा रही उड़ान संख्या 6ई6884 में हुई। यात्री गौरव सत्येंद्र रौतेला, जो सासवड का निवासी है, आपातकालीन निकास द्वार के पास बैठा था और उसने कथित तौर पर द्वार की प्रणाली से छेड़छाड़ की। हवाई अड्डा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक गोविंद पवार ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि पूछताछ के दौरान रौतेला ने दावा किया कि उसने जिज्ञासावश यह जानने के लिए कवर को छुआ था कि वह क्या है। उसे पता नहीं था कि इसका संबंध आपातकालीन निकास द्वार से है।

उन्होंने बताया कि यात्री के कवर को छूने के बाद अलार्म बजा, जिससे विमान में सवार लोगों में घबराहट फैल गई। उन्होंने कहा कि आपातकालीन निकास तंत्र से छेड़छाड़ की किसी भी कोशिश से अन्य यात्रियों की जान और सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। यह उड़ान सोमवार को रात करीब 12 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली से रवाना हुई थी और रात करीब दो बजे पुणे पहुंची।

अधिकारी ने बताया कि विमान के चालक दल के एक सदस्य की शिकायत के आधार पर यात्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 125 (लापरवाही या उतावलेपन से ऐसा कोई काम करना, जिससे मानव जीवन या दूसरों की व्यक्तिगत सुरक्षा खतरे में पड़े) और विमान अधिनियम के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने रौतेला को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(3) के तहत नोटिस जारी किया है और मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *