डेस्क:उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे के इतिहास में बुधवार का दिन एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज राज्य की महत्वाकांक्षी परियोजना ‘गंगा एक्सप्रेसवे’ का उद्घाटन करेंगे। 594 किलोमीटर लंबा यह मेगा कॉरिडोर न केवल मेरठ और प्रयागराज की दूरी को समेटेगा, बल्कि यूपी की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने का काम भी करेगा। यह ‘हाई-स्पीड कॉरिडोर’ उत्तर प्रदेश में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के साथ-साथ औद्योगिक निवेश, रसद, कृषि विपणन और क्षेत्रीय संतुलन को भी नयी गति देगा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि हरदोई से एक्सप्रेसवे के उद्घाटन के साथ राज्य की विकास यात्रा को नयी गति मिलेगी। उन्होंने छह लेन (आठ लेन तक विस्तार योग्य) एक्सप्रेसवे को गांवों, किसानों, उद्यमियों और युवाओं को जोड़ने वाली ‘‘जीवन रेखा’’ बताते हुए कहा कि यह विकास को गति देने और दूरियां समेटने में अहम भूमिका निभाएगा। केंद्रीय मंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भी इस परियोजना को देश के सबसे लंबे एक्सप्रेसवे में से एक और राज्य को आधुनिक बुनियादी ढांचे का तोहफा बताया। आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री के सुबह करीब 11 बजे हरदोई पहुंचने, एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करने, उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीईआईडीए) की प्रदर्शनी का अवलोकन करने, पौधरोपण करने और जनसभा को संबोधित करने के बाद दोपहर में वापस लौटने का कार्यक्रम है।

