अंतरराष्ट्रीय

मशहूर कॉमेडियन जिमी किमेल का गोलीबारी से पहले विवादित जोक…. भड़के ट्रंप

डेस्क: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ((American President Donald Trump) और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप (Melania Trump) ने मशहूर कॉमेडियन जिमी किमेल (Famous comedian Jimmy Kimmel) को आड़े हाथों लिया है। दरअसल जिमी किमेल ने हाल ही में वाइट हाउस के एक डिनर कार्यक्रम में हुई गोलीबारी से ठीक पहले एक विवादित जोक मारा था। अपने प्रोग्राम में उन्होंने मेलानिया ट्रंप को एक एक्सपेक्टेड विडो यानी होने वाली विधवा कहा था। गोलीबारी से पहले इस तरह के जोक पर वाइट हाउस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। खुद ट्रंप और मेलानिया ने इसकी आलोचना करते हुए जिमी किमेल के खिलाफ एक्शन की मांग की है।
बता दें कि बीते शनिवार को वॉशिंगटन में हुए एक कार्यक्रम में हुई गोलीबारी में ट्रंप और मेलानिया बाल-बाल बच गए। वहीं किमेल ने यह टिप्पणी पिछले गुरुवार को की थी। अपने मोनोलॉग में किमेल ने खुद को कार्यक्रम का होस्ट बताया और एक हिस्से में फर्स्ट लेडी से बातचीत का अभिनय करते हुए कहा, “मिसेज ट्रंप, आपके चेहरे पर वैसी चमक है जैसे किसी ‘एक्सपेक्टेंट विडो’ की होती है।” इसी बयान पर विवाद भड़क गया है।

क्या बोले ट्रंप-मेलानिया?
डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को एक बयान में जिमी किमेल को चैनल से हटाने की मांग की। ट्रंप ने कहा, “मैं सराहना करता हूं कि इतने लोग किमेल के इस घटिया ‘कॉल टू वायलेंस’ से नाराज हैं, और आमतौर पर मैं उसकी बातों का जवाब नहीं देता, लेकिन यह हद से बहुत आगे की बात है।” उन्होंने कहा, “जिमी किमेल को डिज्नी और एबीसी द्वारा तुरंत निकाल देना चाहिए।”
वहीं मेलानिया ट्रंप ने भी पहले किमेल पर निशाना साधा और एक बयान में कहा कि चैनल को तुरंत स्टैंड लेना चाहिए। सोमवार को एक्स पर एक पोस्ट में मेलानिया ने लिखा, “किमेल का मोनोलॉग मेरे परिवार के लिए कॉमेडी नहीं है। उसके शब्द जहरीले हैं और अमेरिका की राजनीति में नफरत को और गहरा करते हैं।” मेलानिया ने कहा, “एक कायर, किमेल एबीसी के पीछे छिपता है क्योंकि उसे पता है कि नेटवर्क उसे बचाता रहेगा।” उन्होंने आगे कहा, “अब बहुत हो गया है। अब समय आ गया है कि एबीसी ‘स्टैंड’ ले। कितनी बार एबीसी का नेतृत्व किमेल के इस भयानक व्यवहार को हमारे समाज की कीमत पर सहन करेगा।”
पहले भी विवादों में रहे हैं किमेल
गौरतलब है कि मशहूर लेट-नाइट होस्ट के तौर पर, किमेल अभिव्यक्ति की आजादी को लेकर बहस के केंद्र में रहे हैं। पिछले साल सितंबर में, किमेल को कुछ समय के लिए उनके शो से सस्पेंड कर दिया गया था। तब उन्होंने कहा था कि ट्रंप का कट्टर समर्थक समूह MAGA चार्ली किर्क की हत्या से राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश कर रहा है।
वाइट हाउस भी फायर
प्रेस सचिव कैरोलाइन लेविट ने भी इस पर बयान जारी किया है। उन्होंने एक बयान में कहा, “राष्ट्रपति और उनके समर्थकों के खिलाफ लेफ्ट-विंग ‘कल्ट ऑफ हैट्रेड’ ने कई लोगों को चोट पहुंचाई है और मार भी डाला है, और इस वीकेंड यह फिर से होने ही वाला था।” उन्होंने कहा, “हाल के सालों में किसी ने भी राष्ट्रपति ट्रंप से ज्यादा गोलियां और हिंसा का सामना नहीं किया है।” उन्होंने यह भी कहा, “जो लोग लगातार, झूठा राष्ट्रपति को ‘फासिस्ट’, ‘डेमोक्रेसी के लिए खतरा’ बताते हैं और उन्हें हिटलर से तुलना करते हैं, वे इस तरह की हिंसा को बढ़ावा दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *